त्रिपुरा में BSF जवानों पर हमले में बड़ा एक्शन, रातभर चले ऑपरेशन के बाद 9 हमलावर गिरफ्तार, क्रूरता की हदें पार करने वाला VIDEO हुआ था VIRAL
त्रिपुरा के आशाबाड़ी इलाके में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के तीन जवानों पर हमले के सिलसिले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने के लिए ऑपरेशन चला रही है।
- भारत
- 4 min read
त्रिपुरा के बोक्सानगर इलाके के अशाबारी में कथित तस्करों के एक समूह ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के तीन जवानों के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। अब इस सिलसिले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक (SP) बिजॉय देबबर्मा ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो लोग अभी भी फरार हैं, उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, तस्करों के समुह ने ना केवल BSF के जवानों की बुरी तरीके से पिटाई की बल्कि उनके हथियार छीनने की कोशिश की और एक सरकारी वाहन में तोड़फोड़ भी की। घटना की जानकारी मिलते ही सीएम माणिक साहा ने इस मामले में कार्रवाई के आदेश जारी किए थे। SP देबबर्मा ने सुरक्षाकर्मियों पर हुए हमले की निंदा की और बताया कि रात भर चले एक ऑपरेशन के दौरान नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
BSF जवानों पर हमले के 9 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 9 आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। SP ने कहा, "देश की सुरक्षा करने वालों पर कुछ ग्रामीणों द्वारा किया गया हमला बेहद शर्मनाक है, और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और रात भर चले ऑपरेशन के बाद कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आज उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। इस घटना में शामिल किसी भी अन्य व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा; हम सुनिश्चित करेंगे कि वे कानून का सामना करें और उन्हें सजा मिले।"
मुख्यमंत्री ने कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री और गृह विभाग ने सख्त कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए हैं, जबकि पुलिस महानिदेशक (DGP) खुद इस जांच की निगरानी कर रहे हैं। देबबर्मा ने यह भी बताया कि BSF के महानिरीक्षक (IG) इलाके में पहुंच गए हैं और उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की है। उन्होंने कहा कि जो लोग अभी भी फरार हैं, उन्हें गिरफ्तार करने और अदालत में पेश करने की कोशिशें जारी हैं।
Advertisement
अशाबारी बॉर्डर पर क्या हुआ था?
बता दें कि यह घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे अशाबारी बॉर्डर आउटपोस्ट (BOP) के तहत कंटीले तारों वाली सीमा बाड़ के पास, गेट नंबर 174 और 175 के निकट हुई। कथित तस्कर इस इलाके से अवैध सामान ले जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी वहां तैनात 49वीं बटालियन के जवानों ने उनका पीछा किया। बताया जा रहा है कि पीछा करने के दौरान तस्कर अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। हालांकि, BSF के जवानों ने मौके से करीब 400 मीटर दूर एक कथित तस्कर, जिसकी पहचान हेफजुर रहमान के तौर पर हुई, को पकड़ लिया।
इस बीच, रहीमपुर कंतमुरा BOP के तीन BSF जवान एक गाड़ी में बॉक्सनगर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे नाकाबंदी वाली जगह पर पहुंचे, कथित तस्करों के एक ग्रुप ने उन पर अचानक और हिंसक हमला कर दिया। चश्मदीदों के बयानों और वीडियो फुटेज के मुताबिक, हमलावरों ने जवानों पर बेरहमी से हमला किया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। जवानों को कथित तौर पर जमीन पर गिरा दिया गया, जबकि हमलावरों ने उनके सर्विस हथियार छीनने की भी कोशिश की। जिस सरकारी गाड़ी में जवान आए थे, उसमें भी बुरी तरह तोड़फोड़ की गई।
Advertisement
हमलावर में बांग्लादेशी नागरिक के शामिल होने का शक
सूत्रों के मुताबिक,हमलावरों में कई बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल थे, जो कथित तौर पर आशाबाड़ी इलाके में रहकर बॉर्डर पार से तस्करी की गतिविधियों में शामिल थे। हालांकि, इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद, आशाबाड़ी BOP से BSF के और जवान मौके पर पहुंचे, जिससे हमलावरों को अलग-अलग दिशाओं में भागना पड़ा।