अपडेटेड 23 August 2024 at 19:27 IST

नेपाल बस दुर्घटना: देवेंद्र फडणवीस ने दी जानकारी, कहा- शव वापस लाने के प्रयास जारी

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि बस में सवार यात्री राज्य के जलगांव जिले के थे और उनके शव वापस लाने के प्रयास जारी हैं।

Follow : Google News Icon  
Former Maharashtra CM Devendra Fadnavis
devendra fadnavis | Image: PTI

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि मध्य नेपाल में एक भारतीय पर्यटक बस के राजमार्ग से पलट कर 150 मीटर नीचे नदी में गिर जाने की घटना के संबंध में मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में सवार यात्री राज्य के जलगांव जिले के थे और उनके शव वापस लाने के प्रयास जारी हैं। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में फडणवीस ने 14 यात्रियों की मौत पर शोक व्यक्त किया और कहा कि राज्य सरकार ने नेपाल में स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क किया है।

अधिकारियों ने बताया कि…

उन्होंने कहा, ‘यात्री जलगांव के हैं। जिलाधिकारी पीड़ितों और जीवित बचे हुए लोगों को वापस लाने के लिए उत्तर प्रदेश के महाराजगंज के जिलाधिकारी के संपर्क में हैं।’ अधिकारियों ने बताया कि मध्य नेपाल में एक भारतीय पर्यटक बस के राजमार्ग से फिसलकर 150 मीटर नीचे मर्स्यांगदी नदी में गिर जाने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई तथा 16 अन्य घायल हो गए।

यह बस गोरखपुर से चली थी और पोखरा से होते हुए काठमांडू की ओर जा रही थी, तभी यह तनहुन जिले के आइना पहारा में राजमार्ग से पलट गई। बस पर उत्तर प्रदेश की नंबर प्लेट थी और उसमें चालक और सह-चालक समेत 43 लोग सवार थे। महाराष्ट्र के राहत एवं पुनर्वास मंत्री अनिल पाटिल ने कहा कि राज्य सरकार दुर्घटना के पीड़ितों और जीवित बचे लोगों को वापस लाने के लिए उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में है।

'पीटीआई -भाषा' के साथ बातचीत के दौरान पाटिल ने कहा, 'ऐसा कहा जा रहा है कि अधिकतर यात्री जलगांव जिले से हैं। हम पुष्टि करने का प्रयास कर रहे हैं। हम उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त और नेपाल में स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं तथा हमने उन्हें बताया है कि जिलाधिकारी पीड़ितों और जीवित बचे लोगों की वापसी सुनिश्चित करेंगे।'

Advertisement

उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त जीएस नवीन कुमार ने एक बयान में कहा, “मीडिया रिपोर्ट और विदेश मंत्रालय, के नेपाल डिवीजन से पुष्ट खबर के अनुसार, आज पूर्वाह्न लगभग साढ़े 11 बजे दिन में पंजीकरण संख्या- यूपी 53 एफडी 7623 नंबर की एक बस, जिसमें महाराष्ट्र के लगभग 41 यात्री सवार थे, नेपाल के तनहुन जिले के आंबुखैरेनी क्षेत्र में मर्स्यांगदी नदी में लगभग 150 मीटर नीचे गिर गई।”

बयान के अनुसार ‘इस घटना में अब तक 31 लोगों को बचाया गया है। सभी यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया है। नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल सेना द्वारा खोज और बचाव अभियान जारी है।’ बयान में कहा गया, ‘उत्तर प्रदेश सरकार ने महाराजगंज के अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को घटनास्थल पर भेजा है। देश मंत्रालय स्थानीय प्राधिकारियों के साथ खोज एवं बचाव कार्यों का समन्वय कर रहा है।’ समाचार पोर्टल ‘माई रिपब्लिका’ की खबर के मुताबिक, बस में सवार यात्री 104 भारतीय तीर्थयात्रियों के एक समूह का हिस्सा थे, जो दो दिन पहले हिमालयी देश की 10 दिवसीय यात्रा के लिए तीन बसों में सवार होकर महाराष्ट्र से नेपाल पहुंचे थे।

Advertisement

ये भी पढ़ें - कांग्रेस चाहती है कि शंकराचार्य पर्वत का नाम तख्ते सुलेमान हो?- स्मृति

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Garima Garg

पब्लिश्ड 23 August 2024 at 19:27 IST