'नेहरू चाहते थे कि बाबरी मस्जिद सरकारी पैसे से बने, लेकिन सच्चे सेक्युलर...', राजनाथ के बयान पर कांग्रेस को लगी मिर्ची, प्रियंका गांधी ने किया पलटवार
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू बाबरी मस्जिद बनाने के लिए सरकारी पैसे का इस्तेमाल करना चाहते थे, मगर सरदार पटेल ने इसका कड़ा विरोध किया था। अब उनके बयान पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है।
- भारत
- 3 min read

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को लेकर एक ऐसा बयान दे दिया कि सियासी गलियारों में नई बहस शुरू हो गई है। गुजरात में एक कार्यक्रम में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा था कि जवाहरलाल नेहरू बाबरी मस्जिद बनाने के लिए सरकारी पैसे का इस्तेमाल करना चाहते थे, लेकिन उस समय के गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने इस विचार का विरोध किया था, क्योंकि वह सच्चे सेक्युलर थे। अब रक्षा मंत्री के इस बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है।
मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में 'सरदार सभा' में बोलते हुए, राजनाथ सिंह ने कहा था कि सरदार पटेल हमेशा 'सच्चे सेक्युलर' सिद्धांतों में विश्वास करते थे क्योंकि उन्होंने कभी 'तुष्टिकरण' की राजनीति नहीं की। पटेल ने किसी खा समुदायों को खुश करने की कोशिश नहीं की, जबकि नेहरू ने गिर सोमनाथ जिले में सोमनाथ मंदिर के फिर से बनने पर सवाल उठाया था।
नेहरू बाबरी मस्जिद सरकारी पैसे से बनाने चाहते थे- राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू बाबरी मस्जिद बनाने के लिए सरकारी पैसे का इस्तेमाल करना चाहते थे। अगर किसी ने इसका विरोध किया, तो वह गुजरात में जन्मे सरदार वल्लभभाई पटेल थे, जिन्होंने इसका विरोध किया। उस समय उन्होंने सरकारी पैसे से बाबरी मस्जिद नहीं बनने दी। क्योंकि वह 'सच्चे सेक्युलर' थे और उन्होंने कभी तुष्टिकरण में विश्वास नहीं किया।
सरदार पटेल हमेशा 'सच्चे सेक्युलर' रहे-राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने आगे कहा, नेहरू ने सोमनाथ मंदिर के फिर से बनाने का सवाल उठाया था। जब सवाल उठाया गया, तो सरदार पटेल ने साफ किया कि सोमनाथ मंदिर का मामला अलग था, वहां जनता ने 30 लाख रुपये दान किए थे, एक ट्रस्ट बनाया गया था और सरकारी पैसे का एक भी पैसा इस्तेमाल नहीं हुआ था। अयोध्या में राम मंदिर के बनने से मिलती-जुलती बातें बताते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, अयोध्या में राम मंदिर भी सरकारी पैसे से नहीं बना है। इस देश के लोगों ने पूरा खर्च उठाया है।
Advertisement
राजनाथ सिंह के बयान पर प्रियंका का पलटवार
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर दिए गए बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। पत्रकारों ने जब प्रियंका गांधी से इस पर सवाल किया तो उन्होंने जवाब में कहा, 'यह सब ध्यान भटकाने के लिए है। कई जरूरी मुद्दे हैं जिन पर चर्चा होनी चाहिए। वे ऐसे मुद्दे रोज उठा लेते हैं जिससे सिर्फ ध्यान भटके और हम जनता से जुड़े मुद्दों को न उठा पाए।'
कांग्रेस ने दावे को बताया झूठा
वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने भी सोशल मीडिया पर इस दावे को 'झूठ' बताया और कहा कि इसे साबित करने के लिए 'कोई सबूत नहीं है'। टैगोर ने तर्क दिया कि नेहरू का हमेशा यही मानना रहा है कि सरकारी पैसे का इस्तेमाल किसी भी धार्मिक निर्माण के लिए नहीं किया जाना चाहिए।