अपडेटेड 1 November 2024 at 17:30 IST

हरियाणा में राहुल ने खाई थी जिसकी जलेबी, वहां पहुंच गए CM सैनी; बोले- फैक्ट्री की जलेबी नहीं चलती...

Haryana CM नायब सिंह सैनी शुक्रवार को गोहाना में पहुंचे, जहां मातूराम की दुकान पर जलेबियां बनाईं। मुख्यमंत्री ने जलेबी बनाते हुए वीडियो शेयर किया है।

Follow : Google News Icon  
Nayab Singh Saini and Rahul Gandhi Gohana Maturam Jalebi
राहुल गांधी ने गोहाना में जिसकी जलेबी खाई, उस दुकान पर नायब सिंह सैनी पहुंचे। | Image: Video Grab

Haryana News: हरियाणा की राजनीति चुनावों के समय से जलेबी की तरह घूम रही है। इस जलेबी वाली पॉलिटिक्स में नायब सिंह सैनी ने अब नया तड़का लगा दिया है। सरकार गठन के कुछ दिनों बाद नायब सिंह सैनी ने उसी दुकान पर जाकर जलेबियां बनाई हैं, जिसका स्वाद राहुल गांधी ने चुनावों के समय चखा था। हालांकि ये अलग बात है कि चुनाव परिणामों में कांग्रेस की करारी हार से राहुल गांधी के लिए जलेबी का स्वाद फीका रहा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गोहाना में भगवान विश्वकर्मा जयंती और हरियाणा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को राम-राम कर उनका धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2.80 करोड़ हरियाणवियों के विश्वास पर प्रदेश को आगे बढ़ाकर क्रांतिकारी वीरों और प्रधानमंत्री के सपनों के भारत में हरियाणा का नव-निर्माण करने का काम बीजेपी सरकार करेगी। हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं ने जन-जन को ये एहसास दिलाने का काम किया है कि गरीब,किसान,महिला, नौजवान सबके भविष्य को बीजेपी सुरक्षित कर सकती है। सीएम सैनी ने कहा कि जो तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनी है, वो सरकार कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की आकांक्षाओं-उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए तेजी से काम करेगी।

नायब सिंह सैनी ने बनाई जलेबियां

नायब सिंह सैनी शुक्रवार को गोहाना में मशहूर हो चुकी मातूराम की दुकान पर जलेबियां भी बनाईं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जलेबी बनाते हुए वीडियो शेयर किया है। इसमें नायब सिंह सैनी जबेलियों को मिठास के लिए चाशनी में डुबो रहे हैं। बाद में मुख्यमंत्री सैनी और बीजेपी की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली साथ बैठकर जलेबियां खा रहे हैं।

मुख्यमंत्री सैनी ने इस दौरान राहुल गांधी पर भी इशारों-इशारों में जोरदार तंज कसा है। नायब सिंह सैनी ने 'X' पर पोस्ट में लिखा- 'हरियाणा में गोहाना की मातूराम की देशी जलेबी चलती हैं, फैक्ट्री की जलेबी नहीं।'

Advertisement

यह भी पढ़ें: हेमंत सोरेन उम्र को लेकर फंसे! हलफनामे से खुलासा- 5 साल में 7 साल के हुए

गोहाना में राहुल ने खाई थी मातूराम की जलेबी

हरियाणा में कांग्रेस की करारी हार के बाद ही राहुल गांधी 'जलेबी' को लेकर ट्रोल हैं। हरियाणा में जलेबी पर पॉलिटिक्स तब शुरू हुई, जब चुनावों के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्होंने गोहाना के मातूराम की दुकान पर अपने जीवन की सबसे अच्छी जलेबी खाई। उसी दौरान राहुल ने 'जलेबी की फैक्ट्री' वाली टिप्पणी कर दी थी, जिसको लेकर उनकी खूब किरकिरी हुई। भारतीय जनता पार्टी ने पूरे चुनाव में राहुल की टिप्पणी को लेकर मजे लिए।

Advertisement

हरियाणा के चुनाव नतीजे जलेबी की तरह ही घूम गए थे। तमाम एग्जिट पोल में कांग्रेस को बढ़त दिखाई गई थी, लेकिन असल परिणाम ठीक उलट आए थे। चुनाव नतीजों से पहले कांग्रेस ने भी जलेबी वाला दांव चलने का प्लान बना लिया था। जीत के जश्न में जलेबियां बांटने की तैयारी हो गई थी। हालांकि जब चुनाव परिणाम आने के साथ ही कांग्रेस की किस्मत ने करवट बदली और जलेबी का स्वाद फीका हो गया तो राहुल गांधी की ओर भी जग हंसाई हो गई। बाद में बीजेपी के ही नेताओं ने जलेबी दिखा-दिखाकर कांग्रेस को खूब चिड़ाया।

हरियाणा में बीजेपी ने लगाई है हैट्रिक

फिलहाल हरियाणा में नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बन चुकी है। भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में जीत की हैट्रिक लगाई है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस राज्य में सरकार के 10 साल के सत्ता विरोधी रुझान का फायदा नहीं उठा सकी। हरियाणा विधानसभा में बीजेपी ने 90 में से 48 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस 37 सीटें जीतने में सफल रही। निर्दलीय उम्मीदवारों ने 3 सीटें जीतीं और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने 2 सीटें हासिल कीं।

यह भी पढ़ें: पप्पू यादव को लॉरेंस गैंग की धमकी पर संग्राम में बृजभूषण की एंट्री

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 1 November 2024 at 16:55 IST