5-7 के फेर में फंस गए हेमंत सोरेन; हलफनामे से खुलासा- 5 साल में झारखंड CM की उम्र 7 साल बढ़ी

हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। 24 अक्टूबर को सोरेन ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। फिलहाल हलफनामे में लिखी उम्र को लेकर विवाद हो गया है।

Follow : Google News Icon  
Jharkhand Cm Hemant Soren Age Controversy
झारखंड सीएम हेमंत सोरेन की उम्र को लेकर विवाद। | Image: Facebook

Hemant Soren Age Controversy: झारखंड के विधानसभा चुनावों ( Jharkhand Assembly Election) में महज 12 दिन बाकी रह गए हैं। 12 मतलब 5 और 7 का जोड़ हो जाता है। हालांकि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren ) इस 5 और 7 के फेर में बुरी तरह फंस गए हैं। असल में हेमंत सोरेन ने अपने चुनावी हलफनामे में एक बड़ी चूक कर दी है, जिससे उनकी मुसीबत बढ़ सकती है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा क्षेत्र (Barhait Assembly Constituency) से चुनाव लड़ रहे हैं। 24 अक्टूबर को सोरेन ने नामांकन पत्र (हलफनामा) दाखिल किया था। अभी इसी हलफनामे (शपथ पत्र) में हेमंत सोरेन की उम्र ने सबको चौंका दिया है। हलफनामे के आधार पर हेमंत सोरेन की उम्र 5 साल में ही 7 साल बढ़ गई है।

हेमंत सोरेन की 5 साल में 7 साल उम्र बढ़ी

5 साल पहले दिसंबर 2019 में हेमंत सोरेन ने अपनी उम्र 42 साल बताई थी। हालांकि 24 अक्टूबर 2024 को दाखिल किए शपथ पत्र में उन्होंने अपनी उम्र 49 साल बताई है। इस बार हेमंत सोरेन के पोस्टल एड्रेस में भी बदलाव दिखा है। 2019 में उन्होंने पोस्टल एड्रेस (B-63, हरमू हाउसिंग कॉलोनी, पोस्ट ऑफिस- अशोक नगर, थाना- अरगोड़ा, जिला- रांची, 834002) दिया। इस बार पोस्ट ऑफिस के नाम में बदलाव देखा गया हैं। जहां पहले अशोक नगर था, वहां अब डोरंडा पोस्ट ऑफिस लिखा है।

हेमंत सोरेन का बरहेट में बीजेपी के गमालियम हेंब्रम से मुकाबला

बरहेट झामुमो के गढ़ माने जाने वाले संथाल परगना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। हेमंत सोरेन 2014 से इस सीट पर कब्जा जमाए हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सोरेन के खिलाफ बरहेट में गमालियम हेंब्रम को अपना उम्मीदवार बनाया है। फिलहाल चुनावों से पहले हेमंत सोरेन की उम्र को लेकर झारखंड में राजनीतिक भूचाल खड़ा हो सकता है।

Advertisement

झारखंड में 13 नवंबर और 20 नवंबर को दो चरणों में चुनाव

झारखंड विधानसभा की 81 सीटों के लिए 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में चुनाव होंगे। 23 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। झारखंड में कुल 2.60 करोड़ मतदाता वोट डालने के पात्र हैं, जिनमें 1.31 करोड़ पुरुष और 1.29 करोड़ महिला मतदाता हैं। राज्य में 11.84 लाख मतदाता पहली बार मतदान करेंगे।

यह भी पढ़ें: झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 685 उम्मीदवार मैदान में

Advertisement
Published By :
Dalchand Kumar
पब्लिश्ड