एनएआर-इंडिया के 17वें वार्षिक सम्मेलन का समापन, मनोहर लाल खट्टर ने किया था उद्घाटन; दिग्गजों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
एनएआर इंडिया द्वारा आयोजित 17वें एनएआर-इंडिया सालाना सम्मेलन का समापन जोश और उत्साह के बीच हुआ।
- भारत
- 3 min read

एनएआर इंडिया द्वारा आयोजित 17वें एनएआर-इंडिया सालाना सम्मेलन का समापन जोश और उत्साह के बीच हुआ। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देश भर में नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के दिग्गजों और रियल एस्टेट पेशेवरों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह के दौरान जानी-मानी भारतीय अभिनेत्री दिव्या दत्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं, जिन्होंने रियल एस्टेट सेक्टर में नैतिक एवं पेशेवर मानकों को बढ़ावा देने में एनएआर-इंडिया के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की मौजूदगी में किया गया था।
सम्मेलन ने रियल एस्टेट रेरा अधिनियम; ब्रोकर्स के लिए प्रस्तावित वन नेशन, वन लाइसेंस सिस्टम; तथा रियल एस्टेट पेशेवरों के लिए सर्टिफिकेशन एवं प्रशिक्षण के महत्व जैसे विषयों पर फोकस करते हुए महत्वपूर्ण सुधारों एवं प्रगतिशील रूझानों पर चर्चा के लिए मंच उपलब्ध कराया। ये प्रयास भारत में रियल एस्टेट को पारदर्शी, पेशेवर एवं भविष्य के लिए तैयार बनाने की एनएआर इंडिया की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उद्घाटन के दौरान सभा को सम्बोधित करते हुए मनोहर लाल खट्टर ने सेक्टर में पारदर्शिता और जवाबदेहिता को सुनिश्चित करने के लिए रेरा जैसे अधिनियमों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बात की। उन्होंने अपनी विचार व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘विश्व रियल एस्टेट दिवस के अवसर पर मैं रियल एस्टेट समुदाय को बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
2047 तक विकसित देश बनाने का सपना
खट्टर ने कहा, हमारे प्रधानमंत्री जी ने भारत को 2047 तक विकसित देश बनाने का सपना देखा है। इस लक्ष्य को साकार करने के लिए हमारी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना बेहद जरूरी है। रियल एस्टेट सेक्टर भारत के जीडीपी में तकरीबन 18 फीसदी योगदान देता है। ऐसे में आर्थिक विकास में इस सेक्टर की भूमिका महत्वपूर्ण है। निरंतर इनोवेशन, विनियामक सुधारों एवं कौशल विकास के द्वारा इस उद्योग को 2030 तक रु 85 लाख करोड़ तक पहुंचाया जा सकता है, इससे न सिर्फ हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत होगी बल्कि बड़ी संख्या में रोज़गार के अवसर भी उत्पन्न होंगे।’’
Advertisement
सुमंथ रेड्डी अरानी, चेयरमैन एनएआर-इंडिया ने कहा, ‘‘इस साल के सम्मेलन ने भारत में रियल एस्टेट सेक्टर को पेशेवर एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक और उपलब्धि हासिल की है। एनएआर- इंडिया शिक्षा एवं नीतिगत सुधारों को बढ़ावा देने, तथा इस बदलावकारी दौर में पेशेवरों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।’’
श्री मीतेश पोद्दार, प्रेज़ीडेन्ट-इलेक्ट, एपीपी दिल्ली एनसीआर एवं को-चेयर, 17वें एनएआर इंडिया सालाना सम्मेलन ने कहा, ‘‘प्रस्तावित ‘वन नेशन, वन लाइसेंस’ रियल एस्टेट के पेशेवरों के लिए गेम चेंजर साबित होगा। यह विभिन्न राज्यों में कारोबार को सुगम बनाएगा, प्रक्रियाओं को सरल बनाकर भरोसा बढ़ाएगा तथा विनियमों में एकरूपता को सुनिश्चित करेगा।’’ इस अवसर पर श्री गगनपाल सिंह, प्रेज़ीडेन्ट, एपीपी दिल्ली एनसीआर एवं सम्मेलन के को-चेयर, ने कहा, ‘‘रेरा सेक्टर में पारदर्शिता लेकर आया है, हालांकि हमारे क्षेत्र में पेशेवर शिक्षा को सशक्त बनाने की आवश्यकता है। इस क्षेत्र में जानकारी एवं नैतिक मानकों के द्वारा हम सुनिश्चित कर सकते हैं कि हर रियल एस्टेट एजेंट अखंडता एवं पेशेवर तरीके से क्लाइंट्स को सेवाएं प्रदान करने के लिए तैयार हो।’’