अपडेटेड 24 March 2025 at 21:54 IST
Delhi: 27 साल बाद दिल्ली में BJP सरकार पेश करेगी बजट, CM रेखा गुप्ता के पिटारे से महिलाओं के लिए क्या निकलेगा?
दिल्ली का बजट 80,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर सकता है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रदूषण पर केंद्रित हो सकता है।
- भारत
- 2 min read

Delhi Budget 2025 : दिल्ली विधानसभा का 5 दिवसीय बजट सत्र सोमवार को ‘खीर समारोह' के साथ शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मिठास को प्रगति की प्रतीक बताते हुए खीर समारोह से बजट सत्र की शुरुआत की है। वित्त विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंगलवार को दिल्ली विधानसभा में अपना पहला बजट पेश करेगी। BJP पिछले महीने विधानसभा चुनाव में AAP को हराकर 1998 के बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी है। करीब 26 साल में BJP सरकार का पहला बजट दिल्ली की जनता के लिए पेश होगा।
BJP सरकार ने बजट को ‘विकसित दिल्ली बजट 2025’ नाम दिया है। CM रेखा गुप्ता का दावा है कि दिल्लीवासियों के 10 हजार से अधिक सुझावों से ‘विकसित दिल्ली बजट 2025’ को सशक्त बनाया है। इसमें ईमेल पर 3,303 और व्हाट्सएप पर 6,982 सुझाव मिले हैं। यह बजट सिर्फ नीतियों का दस्तावेज नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। BJP अपने पहले बजट में यमुना नदी की सफाई, बुनियादी ढांचा विकास और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने जैसे चुनावी वादों को लागू करने की घोषणा कर सकती है।
'दिल्ली विकास का मीठा स्वाद चखेगी'
विपक्ष की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने बजट पेश किए जाने से एक दिन पहले आर्थिक सर्वेक्षण पेश नहीं करने के लिए रेखा गुप्ता सरकार की आलोचना की है। उन्होंने बजट सत्र की शुरुआत में BJP द्वारा आयोजित खीर समारोह पर कटाक्ष करते हुए कहा, "दिल्ली का बजट खीर बनाकर नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था के आंकड़ों के आधार पर बनाया जा सकता है।" वहीं मुख्यमंत्री का कहना है कि "डबल इंजन वाली सरकार के तहत यह बजट दिल्ली में विकास के एक नए अध्याय का मार्ग प्रशस्त करेगा। हम दिल्ली की हर पीड़ा और समस्या को दूर करने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे। दिल्ली विकास का मीठा स्वाद चखेगी’’
80,000 करोड़ का बजट
विधानसभा में पेश होने वाला 2025-26 का बजट 80,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर सकता है। इसमें सरकार की वित्तीय प्राथमिकताओं और साल के लिए विकास एजेंडे की रूपरेखा बताई जाएगी। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं, इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार, प्रदूषण और जलभराव की समस्याओं पर केंद्रित हो सकता है। इसके अलावा महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक भत्ते के लिए भी बजट की घोषणा हो सकती है।
Advertisement
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 24 March 2025 at 21:54 IST