Maharashtra: सेल्फी के जुनून ने ले ली जान, एक साथ थम गईं तीन धड़कनें; खदान में डूबने से तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत
महाराष्ट्र के अमलनेर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां सेल्फी लेने का शौक तीन दोस्तों के लिए काल बन गया। एक खदान के पास मोबाइल से तस्वीरें क्लिक करते समय अचानक पैर फिसलने से तीनों दोस्तों की पानी से भरी गहरी खदान में डूबने से मौत हो गई।
- भारत
- 2 min read

महाराष्ट्र के अमलनेर से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां सेल्फी लेने के चक्कर में तीन सगे दोस्तों को अपनी जान गंवानी पड़ी। एक दोस्त को बचाने की कोशिश में बाकी दो भी मौत के मुंह में समा गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैसे हुआ यह खौफनाक हादसा?
यह घटना अमलनेर के चोपड़ा रोड स्थित फ्लाईओवर के पास की है। मंगलवार शाम को तीन दोस्त मानव रतनानी, कार्तिक उधवानी और दिनेश पंजवानी यहां घुमने निकले थे। वहां पानी से भरा एक गहरी खदान थी। तीनों एडवेंचर के चक्कर में उस ऊंचे हिस्से पर चले गए और मोबाइल निकालकर ग्रुप सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान अचानक एक युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गया। उसे डूबता देख दूसरे दोस्त ने बिना सोचे-समझे उसका हाथ पकड़ लिया।
उसे बचाने के लिए तीसरे दोस्त ने भी हाथ आगे बढ़ाया। लेकिन बदकिस्मती से संतुलन बिगड़ गया और तीनों दोस्त करीब 30 फीट गहरे पानी में जा गिरे।
चीख-पुकार सुनकर भी नहीं बची जान
वहां मौजूद एक ऑटो रिक्शा चालक ने इस पूरी घटना को देखा। उसने तुरंत शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा किया और एक अन्य व्यक्ति ने पुलिस को फोन किया। सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर दत्तात्रय कारंडे, तहसीलदार सीयू पाटील और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
Advertisement
रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। यह घटना हर उस युवा के लिए एक चेतावनी है। जो खतरनाक जगहों पर जाकर तस्वीरें खिंचवाते हैं।
ये भी पढ़ें - गोल्डी बराड़ पर FBI ने कसा शिकंजा, 50,000 डॉलर का इनाम घोषित, लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप का बताया सरगना