मुंबई के कोस्टल रोड टनल में धमाके के बाद कार में लगी आग, मची अफरातफरी; रास्ता बंद
मुंबई की कोस्टल रोड टनल में एक कार में धमाके के बाद आग लगने की खबर आ रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टनल में आग की लपटे दिखाई दीं जिसके बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने अपनी-अपनी कार वापस मोड़ ली।
- भारत
- 2 min read

मुंबई की कोस्टल रोड टनल में एक कार में धमाके के बाद आग लगने की खबर आ रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टनल में आग की लपटे दिखाई दीं जिसके बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने अपनी-अपनी कार वापस मोड़ ली। फिलहाल कार में धमाका कैसे हुआ, आग कैसे लगी इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। फिलहाल कुछ समय के लिए टनल को बंद कर दिया गया है और जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार दोपहर करीब 12:15 बजे हुआ। जब कोस्टल रोड टनल से गाड़ियां गुजर रही थीं, तभी एक कार से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते पूरी टनल में धुआं फैलने लगा। टनल के भीतर फंसे यात्रियों ने तुरंत इस भयावह स्थिति की जानकारी मुंबई फायर ब्रिगेड को दी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में फिलहाल किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने फौरन पाया आग पर काबू
फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत टनल पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। टनल के अंदर आग की लपटें उठती देख वहां से गुजर रहे लोग डर गए। कई गाड़ियां टनल में फंसने से बचने के लिए तुरंत यू-टर्न लेकर बाहर निकलने लगीं, जिससे कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर पूरे स्थिति को नियंत्रण में लिया।
Advertisement
बता दें कि मुंबई कोस्टल रोड (या धर्मवीर स्वराज्य रक्षक छत्रपति संभाजी महाराज मुंबई कोस्टल रोड) 8-लेन का एक ग्रेड-सेपरेटेड एक्सप्रेसवे है, जो दक्षिण मुंबई में मरीन लाइन्स को उत्तर में कांदिवली से जोड़ता है। यह भारत की पहली समुद्र के नीचे बनी सुरंग है।