अपडेटेड 30 June 2025 at 08:31 IST
UP: सांसद चंद्रशेखर प्रयागराज में नजरबंद, समर्थकों ने देर रात तक काटा बवाल, तोड़फोड़ और आगजनी में कई महिला और बच्चे घायल
नगीना के सांसद चंद्रशेखर को प्रयागराज पुलिस ने उस समय नजरबंद कर लिया जब वो बलात्कार पीड़िता से मिलने के लिए कौशाम्बी जा रहे थे।
- भारत
- 3 min read

नगीना के सांसद और आजद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को प्रयागराज पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है। रविवार दोपहर को उन्हें प्रयागराज हवाई अड्डे से हिरासत में ले लिया गया और सर्किट हाउस ले जाया गया। वे कौशांबी और करछना में हाल ही में हुई घटनाओं के पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे थे। चंद्रशेखर को नजरबंद किए जाने के बाद उनके समर्थकों ने देर रात तक सड़कों पर जमकर बवाल काटा।
इस कार्रवाई के विरोध में करछना इलाके में बड़ी संख्या में चंद्रशेखर के समर्थकों ने उग्र प्रदर्शन किया। भीड़ ने सड़क पर उत्पात मचाया, कई बसों और निजी वाहनों पर पथराव किया गया। पुलिस की 8 गाड़ियां और 7 प्राइवेट वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए। कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया किया गया। पुलिस देर रात तक करछना में फ्लैग मार्च करती नजर आई।
20 से ज्यादा लोगों को हिरासत में
यमुनानगर DCP विवेक चंद्र यादव ने कहा, "आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के आगमन को लेकर पास के गांव में लोग एकत्र हुए थे। उसके बाद उपद्रवियों ने वहां मौजूद पुलिस बल पर पथराव किया और वाहनों में तोड़फोड़ की... अब स्थिति सामान्य है। यहां पर्याप्त पुलिस मौजूद है। उपद्रवियों के खिलाफ बेहद सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। 20 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। CCTV फुटेज के जरिए अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ NSA और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
चंद्रशेखर को क्यों किया नजरबंद?
भडेवरा बाजार में चंद्रशेखर के सर्मथकों ने पुलिस पर पत्थर भी किए। हिंसा की घटना में कई महिला और बच्चे घायल हो गए। कई दुकानों के शीशे टूट गए। दुकानदारों का आरोप है कि खासतौर पर सवर्ण समुदाय की दुकानों को निशाना बनाया गया। वहीं, सांसद चंद्रशेखर को कुछ घंटों के लिए नजरबंद रखने के बाद उन्हें वाराणसी जाने की अनुमति दी गई।आजाद ने लोन्हाडा गांव की कथित बलात्कार पीड़िता से मिलने के लिए कौशाम्बी जाने की योजना बनाई थी। हाल ही में जलाकर मारे गए एक युवक के परिवार से मिलने के लिए उनका करछना जाने का भी प्लान था।
Advertisement
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 30 June 2025 at 08:29 IST