अपडेटेड 12 October 2024 at 13:06 IST
हरियाणा में शपथ ग्रहण की फाइनल तारीख आई, मनोहर लाल खट्टर ने लगाई मुहर;कार्यक्रम में PM मोदी भी आएंगे
हरियाणा में नई सरकार के शपथ ग्रहण की फाइनल तारीख सामने आ गई है। 15 अक्टूबर को नहीं, बल्कि 17 अक्टूबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
- भारत
- 3 min read

Haryana News: हरियाणा में नई सरकार के शपथ ग्रहण की फाइनल तारीख सामने आ गई है। 15 अक्टूबर को नहीं, बल्कि 17 अक्टूबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इस पर केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुहर लगाई है। मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को पुष्टि की कि हरियाणा में नई बीजेपी सरकार 17 अक्टूबर को पंचकूला में शपथ लेगी।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह पंचकूला के सेक्टर 5 में दशहरा ग्राउंड पर होगा। सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री और नए मंत्री पद की शपथ लेंगे। केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री की मंजूरी मिल गई है कि 17 अक्टूबर को पंचकूला में मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद शपथ लेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे PM मोदी
हरियाणा के इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी रह सकती है। बीजेपी के नेता संजय भाटिया ने शुक्रवार को पुष्टि की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आसपास के राज्यों के मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। भाटिया ने कहा कि हमने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। ये एक बड़ा आयोजन होगा और लोगों के लिए सुचारू व्यवस्था की जाएगी।
Advertisement
नायब सिंह सैनी फिर हरियाणा के CM बन सकते हैं
मार्च में मनोहर लाल खट्टर की जगह मुख्यमंत्री बने नायब सिंह सैनी अन्य पिछड़ा वर्ग से आते हैं और वो दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में सैनी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ा था और अब जीत के बाद उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाए जाने की प्रबल संभावनाएं हैं। नायब सिंह सैनी ने खुद लाडवा सीट से चुनाव जीता है। हालांकि अभी मुख्यमंत्री और मंत्रियों के नामों को लेकर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।
हरियाणा का मंत्रिमंडल कैसा होगा?
संभावनाएं हैं कि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के नए मंत्रिमंडल में सभी संसदीय क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देना और संतुलित जाति संयोजन सुनिश्चित कर सकती है। संतुलित सरकार के लिए जाट, खत्री, ब्राह्मण, ओबीसी और एससी विधायकों पर विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है।
Advertisement
मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए नेताओं के बारे में कहा जा रहा है कि कई विधायकों ने बीजेपी हाईकमान से मिलना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को धर्मेंद्र प्रधान, बिप्लब देब और मनोहर लाल खट्टर समेत पार्टी के हरियाणा कोर ग्रुप ने मंत्रिमंडल के ढांचे पर विचार-विमर्श किया। सीएम सैनी, हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडोली और राज्य भाजपा प्रभारी सुरेंद्र नागर भी उनके साथ शामिल हुए। आलाकमान के नेताओं से मुलाकात करने वालों में प्रमुख रूप से राज्यसभा सांसद किरण चौधरी और उनकी विधायक बेटी श्रुति चौधरी, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, विधायक लक्ष्मण यादव, महिपाल ढांडा और मूलचंद शर्मा बताए जाते हैं।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 12 October 2024 at 12:26 IST