Mahua Moitra: TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने जर्मनी में रचाई शादी, 65 साल के BJD नेता पिनाकी मिश्रा बने दूल्हा

महुआ ने बीजू जनता दल (BJD) के वरिष्‍ठ नेता और पुरी से लोकसभा सांसद रह चुके पिनाकी मिश्रा के साथ 3 मई को शादी के बंधन में बंध गईं।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Mahua Moitra Ties Knot in Germany with Ex-BJD MP Pinaki Misra
TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने जर्मनी में रचाई शादी, 65 साल के BJD नेता पिनाकी मिश्रा बने दूल्हा | Image: X

तृणमूल कांग्रेस (TMC) की फायरब्रांड सांसद महुआ मोइत्रा ने गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। महुआ ने बीजू जनता दल (BJD) के वरिष्‍ठ नेता और पुरी से लोकसभा सांसद रह चुके पिनाकी मिश्रा के साथ 3 मई को शादी के बंधन में बंध गईं। फिलहाल इस खबर को लेकर पार्टी और खुद सांसद ने पूरी तरह चुप्पी साध रखी है। जानकारी के मुताबिक दोनों ने जर्मनी में शादी रचाई। शादी की एक तस्‍वीर भी सामने आई है जिसमें महुआ मोइत्रा जर्मनी में मुस्कुराती हुई दिखाई दे रही हैं, पारंपरिक परिधान और सोने के गहनों से सजी हुई हैं। इसी तस्वीर ने इस गुपचुप शादी की पुष्टि कर दी है।

आपको बता दें कि महुआ मोइत्रा की निजी जिंदगी पहले भी सुर्खियों में रही है। उन्होंने डेनमार्क के फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से शादी की थी, जिनसे बाद में उनका तलाक हो गया। इसके बाद वे तीन वर्षों तक वकील जय अनंत देहाद्रई के साथ रिश्ते में रहीं, जिसे उन्होंने बाद में “धोखा खाया प्रेमी” कहा था। महुआ का पहला लोकसभा कार्यकाल एक बड़े विवाद की भेंट चढ़ गया था। उन पर आरोप लगे कि उन्होंने कारोबारी गौतम अडाणी के खिलाफ सवाल एक प्रतिद्वंद्वी उद्योगपति के कहने पर उठाए। नवंबर 2023 में जब संसद उन्हें निष्कासित करने की दिशा में बढ़ रही थी, तब द गार्जियन के साथ इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, “मर्दों के मामले में मेरी पसंद बहुत खराब है।”

महुआ मोइत्रा के बारे में

महुआ मोइत्रा अपनी स्पष्टवादी शैली, तीखे भाषणों और विवादों के लिए जानी जाती हैं। वे तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख नेता हैं और पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर लोकसभा सीट से सांसद रह चुकी हैं। मोइत्रा का जन्म 12 अक्टूबर 1974 को असम के लाबाक में हुआ था। उनके पिता द्विपेंद्र लाल मोइत्रा चाय बागान के मालिक थे। उन्होंने कोलकाता के गोखले मेमोरियल गर्ल्स स्कूल से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और बाद में अमेरिका के मैसाचुसेट्स स्थित माउंट होलोके कॉलेज से गणित और अर्थशास्त्र में स्नातक की डिग्री प्राप्त की।

Advertisement

महुआ ने अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत न्यूयॉर्क और लंदन में जेपी मॉर्गन चेज़ में निवेश बैंकर के रूप में की। 2009 में उन्होंने राजनीति में कदम रखने के लिए अपनी कॉर्पोरेट नौकरी छोड़ दी। महुआ ने 2009 में भारतीय युवा कांग्रेस के साथ अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की और बाद में 2010 में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गईं। 2016 में उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करीमपुर सीट से जीत हासिल की। 2019 में वे कृष्णानगर लोकसभा सीट से सांसद चुनी गईं।

पिनाकी मिश्रा के बारे में

Advertisement

पिनाकी मिश्रा एक अनुभवी भारतीय राजनीतिज्ञ और वरिष्ठ वकील हैं, जो बीजू जनता दल (BJD) से जुड़े रहे हैं। उनका जन्म 23 अक्टूबर 1959 को कटक, ओडिशा में हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से इतिहास में स्नातक और कानून संकाय से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की है। पिनाकी मिश्रा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 1996 में कांग्रेस पार्टी से की थी, जब उन्होंने पुरी लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद में प्रवेश किया। बाद में वे बीजू जनता दल में शामिल हो गए और 2014 तथा 2019 में पुरी से सांसद चुने गए। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा के डॉ. संबित पात्रा से हार का सामना करना पड़ा।

राजनीति के अलावा, पिनाकी मिश्रा एक प्रतिष्ठित वकील हैं। वे भारत के सर्वोच्च न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं और देश के लगभग सभी उच्च न्यायालयों में मुकदमे लड़ चुके हैं। उनकी विशेषज्ञता कॉरपोरेट कानून, संवैधानिक कानून, पर्यावरण कानून, और खनन से संबंधित मामलों में है। पिनाकी मिश्रा की पहली शादी संगीता मिश्रा से हुई थी, जिनसे उनके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। हाल ही में, उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा से दूसरी शादी की है। यह विवाह 3 मई 2025 को जर्मनी में एक निजी समारोह में संपन्न हुआ ।

इसे भी पढ़ें- BIG BREAKING: दिल्‍ली के साकेत कोर्ट के अंदर लॉकअप में कैदी की हत्या
 

Published By:
 Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड