महाराष्ट्र: क्रेटा की टक्कर से क्रूजर के उड़े परखच्चे, भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत, 17 घायल

Maharashtra Latur Accident: महाराष्ट्र के लातूर-औसा रोड पर बुधोडा गांव के पास एक क्रेटा कार ने क्रूजर जीप को पीछे से भीषण टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में धाराशिव जिले के उमरगा के रहने वाले 3 लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon

Maharashtra Latur Accident: महाराष्ट्र के लातूर-औसा रोड पर रविवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां के बुधोडा गांव के पास एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने आगे चल रही क्रूजर जीप को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि जीप के परखच्चे उड़ गए। इस खौफनाक एक्सीडेंट में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर गाड़ी का पिछला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया है।

उमरगा तालुका के रहने वाले थे यात्री 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस हादसे का शिकार हुए सभी लोग धाराशिव जिले के उमरगा तालुका के रहने वाले हैं। वे किसी काम से इस रास्ते से गुजर रहे थे। पुलिस ने मृतकों में से दो महिलाओं की पहचान कर ली है, जिनके नाम रेश्मा पाटिल (उम्र 29 वर्ष) और सरोजा पतगे (उम्र 42 वर्ष) बताए गए हैं। तीसरे मृतक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही हैं। 

लापरवाही बनी हादसे की वजह 

हादसे के वक्त मौके पर मौजूद चश्मदीदों का कहना है कि क्रेटा कार का ड्राइवर गाड़ी को बहुत लापरवाही और तेज रफ्तार से चला रहा था, जिसके कारण वह कार पर से नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ से तुरंत राहत कार्य शुरू किया। गाड़ियों में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। सभी 17 घायलों को इलाज के लिए लातूर के विलासराव देशमुख शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जांच में जुटी पुलिस 

इस भीषण सड़क हादसे की खबर मिलते ही उमरगा क्षेत्र के स्थानीय विधायक प्रवीण स्वामी ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों से बात कर घटना की पूरी जानकारी ली और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए। 

Advertisement

वहीं, स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर लगे जाम को हटाकर यातायात को दोबारा सुचारू रूप से चालू कराया गया है। फिलहाल औसा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच कर रही है। 

ये भी पढ़ें:  रौशन आनंद सर के भाई प्रिंस की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, नेपाल के होटल रूम में मिला शव, खान सर की कोचिंग पर हमले मामले में था आरोपी

Advertisement
Published By:
 Shashank Kumar
पब्लिश्ड