BREAKING: महाराष्ट्र में कांग्रेस को झटका, विधानसभा चुनाव के पहले MLA जितेश ने दिया इस्तीफा
महाराष्ट्र में विपक्ष की पार्टी कांग्रेस को एक बार फिर झटका लगा है। शुक्रवार को कांग्रेस के विधायक जितेश अंतापूरकर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
- भारत
- 2 min read

Maharashtra News: महाराष्ट्र में विपक्ष की पार्टी कांग्रेस को एक बार फिर झटका लगा है। लोकसभा के बाद अब विधानसभा चुनाव से पहले इस्तीफे शुरू हो गए हैं। शुक्रवार को कांग्रेस के विधायक जितेश अंतापूरकर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस विधायक के जल्द पाला बदलने की भी चर्चा है। कहा जा रहा है कि वो बीजेपी में जा सकते हैं।
जितेश अंतापुरकर विधान परिषद चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोप के बाद सुर्खियों में थे। क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के नाम नेतृत्व को दिए गए थे, जिसमें अंतापुरकर पर भी संदेह जताया गया था। क्रॉस वोटिंग करने वालों के खिलाफ सीधी कार्रवाई करना असंभव था। इस स्थिति में माना जा रहा था कि कांग्रेस ऐसे नेताओं को विधानसभा चुनावों में फिर से मौका नहीं देगी। आशंकाओं के बीच अंतापुरकर का चुनाव से पहले कांग्रेस से इस्तीफा हो गया है।
कौन हैं जितेश अंतापुरकर?
जितेश अंतापुरकर के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, वो ग्रेजुएट हैं। उन्होंने हैदराबाद के सेंट मैरी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से ग्रेजुएशन की। जितेश अंतापुरकर महाराष्ट्र की देगलूर विधानसभा से विधायक चुने गए थे। जितेश को अशोक चव्हाण के करीबियों में गिना जाता है। इसी साल फरवरी में लोकसभा चुनावों से पहले अशोक चव्हाण खुद कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए थे। अभी जितेश अंतापूरकर के अगले एक दो दिन में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने की संभावनाएं हैं।
महाराष्ट्र में जल्द हो सकते हैं विधानसभा चुनाव
चर्चा है कि महाराष्ट्र में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। चुनाव आयोग ने अभी तारीखों का ऐलान नहीं किया है, लेकिन विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म जाएगा। उसके पहले राज्य में चुनाव कराए जा सकते हैं। राज्य में पिछला चुनाव लड़कर शिवसेना-बीजेपी ने बहुमत हासिल किया था, लेकिन मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर झगड़ा हो गया था। बाद में उद्धव ठाकरे ने बीजेपी से नाता तोड़कर कांग्रेस और शरद पवार के साथ मिलकर गठबंधन सरकार बनाई थी। हालांकि बाद में शिवसेना में बिखराव हुआ और एक बड़ा धड़ा एकनाथ शिंदे से साथ मिलकर बीजेपी के समर्थन में आया, जिससे राज्य में बीजेपी सत्ता में लौटी। अभी शिंदे के नेतृत्व में महाराष्ट्र में एनडीए की सरकार चल रही है।