अपडेटेड 5 December 2024 at 15:45 IST

22 तारीख को जन्म, 22 की उम्र में पार्षद और फिर 44 में पहली बार CM; देवेंद्र फडणवीस का राजनीतिक सफर

22 जुलाई 1970 को जन्मे देवेंद्र फडणवीस राजनीतिक रूप से सक्रिय परिवार से आते हैं। उनके पिता गंगाधर फडणवीस महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य थे।

Follow : Google News Icon  
Devendra Fadnavis
देवेंद्र फडणवीस | Image: Facebook

Devendra Fadnavis: 22 तारीख को जन्म, 22 साल की उम्र में पार्षद और फिर 44 साल की उम्र में देवेंद्र फडणवीस को पहली बार महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री की कुर्सी मिली। उसी तरह अब 54 साल की उम्र में देवेंद्र फडणवीस फिर से महाराष्ट्र की कमान संभालने जा रहे हैं। महाराष्ट्र में महायुति की सरकार बनी है और इसका नेतृत्व करने के लिए देवेंद्र फडणवीस को चुना गया है। इसके आगे अब मुंबई के आजाद मैदान में देवेंद्र फडणवीस को ताज सौंपा जाएगा।

देवेंद्र फडणवीस का राजनीतिक सफर सतही स्तर की सक्रियता के साथ शुरू हुआ। यहां से आगे बढ़कर राजनीति के सही दांव, जिंदगी में अनुशासन और मिलनसार स्वभाव की बदौलत देवेंद्र फडणवीस ने बहुत कम उम्र में कई उपलब्धियों को हासिल किया। इन्हीं खूबियों के बलबूते देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र में फिर से सत्ता संभालने जा रहे हैं।

फडणवीस महाराष्ट्र में बीजेपी की जीत के शिल्पकार

2019 में जब देवेंद्र फडणवीस से महाराष्ट्र में बदले घटनाक्रम के समय विरोधियों ने कुर्सी छीन ली, उसी समय उन्होंने कसम खा ली थी। 2019 में एनडीए की सरकार बनी थी, लेकिन उद्धव ठाकरे की बगावत ने बीजेपी को सत्ता से दूर कर दिया था। उसी बीच के घटनाक्रम में देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री की शपथ ले चुके थे, लेकिन 80 घंटों में ही उन्हें कुर्सी छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा था। उसके बाद देवेंद्र फडणवीस ने कहा था- 'मेरा पानी उतरता देख, मेरे किनारे पर घर मत बसा लेना। मैं समंदर हूं, लौटकर वापस आऊंगा।।'

यही संकल्प 2024 में देवेंद्र फडणवीस ने पूरा किया है। 20 नवंबर को संपन्न हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति को प्रचंड जनादेश मिला है। इसमें सबसे बड़ी जीत भारतीय जनता पार्टी की है, जिनसे 149 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 132 सीटें जीतीं। बीजेपी के अलावा महायुति में शामिल सहयोगी पार्टियों शिवसेना (शिंदे) को 57 और एनसीपी (अजित पवार) को 41 सीटों पर जीत मिली। 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में महायुति की तीनों पार्टियों ने मिलकर 230 सीटों पर कब्जा किया। बीजेपी की इस प्रचंड जीत के शिल्पकार देवेंद्र फडणवीस माने जाते हैं, जिन्हें तोहफे में अब मुख्यमंत्री की कुर्सी मिली है।

Advertisement

यह भी पढ़ें: इनविटेशन कार्ड से कार्यक्रम और मेहमानों तक, खास होगी फडणवीस की ताजपोशी

फडणवीस का शुरुआती राजनीतिक करियर

राजनीति में देवेंद्र फडणवीस कहानी दृढ़ता और अनुशासन के इर्द-गिर्द है। नागपुर में एक साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले देवेंद्र फडणवीस एक ऐसे परिवार से थे, जिसका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और जनसंघ से गहरा जुड़ाव था। देवेंद्र फडणवीस राजनीतिक रूप से सक्रिय परिवार में जरूर पैदा हुए, उनके पिता गंगाधर एमएलसी थे और जनसंघ के नेता थे। हालांकि उसके बावजूद देवेंद्र को अपने लिए RSS की शाखाओं और छात्र आंदोलनों से शुरुआत करके जमीनी स्तर पर सक्रियता के जरिए से रास्ता बनाना पड़ा।

Advertisement

देवेंद्र फडणवीस बहुत कम उम्र में ही RSS में शामिल हुए। छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में शामिल होकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। 22 साल की उम्र में देवेंद्र फडणवीस नागपुर नगर निगम में पार्षद बने। फिर 27 साल की उम्र में वो 1997 में नागपुर के सबसे युवा मेयर चुने गए, जिससे उनकी नेतृत्व क्षमता का पता चलता है। 1999 में फडणवीस ने राज्य की राजनीति में कदम रखा और अपना पहला विधानसभा चुनाव जीता। विधायक के रूप में उन्होंने शोध और तथ्य-आधारित बहस के लिए पहचान बनाई।

यह भी पढ़ें: फडणवीस के शपथ ग्रहण के बहाने एनडीए का शक्ति प्रदर्शन, कब-कहां? जानिए सबकुछ

44 की उम्र में महाराष्ट्र के दूसरे यंगेस्ट CM बने

2014 में महाराष्ट्र में जब बीजेपी को जीत मिली तो बीजेपी नेतृत्व में एक युवा चेहरे पर दांव लगाया था, जो देवेंद्र फडणवीस थे। 2014 में बीजेपी ने देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद के लिए चुना। 18वें मुख्यमंत्री के रूप में उस समय शपथ लेकर देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र में शरद पवार (37 साल) के बाद दूसरे सबसे यंगेस्ट सीएम बने।

उसी कार्यक्रम के समय देवेंद्र फडणवीस ने एक और उपलब्धि हासिल की। वो महाराष्ट्र में 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले दूसरे मुख्यमंत्री रहे। उनके पहले 1972 में वसंतराव नाईक ने 5 साल का कार्यकाल पूरा किया था। 2019 के बाद देवेंद्र फडणवीस ने 2022 तक महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई। 2022 में शिवसेना में विभाजन के बाद जब एकनाथ शिंदे ने बीजेपी से हाथ मिलाया तो फडणवीस उपमुख्यमंत्री बनकर सरकार में जिम्मेदारी निभाते रहे। फिलहाल वो तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं।

फडणवीस का पारिवारिक और निजी जीवन

22 जुलाई 1970 को जन्मे देवेंद्र फडणवीस राजनीतिक रूप से सक्रिय परिवार से आते हैं। उनके पिता गंगाधर फडणवीस महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य थे, जबकि उनकी मां सरिता फडणवीस सामाजिक पहलों में काम करती थीं। देवेंद्र फडणवीस की पत्नी का नाम अमृता है। दोनों की एक बेटी है, जिसका नाम दिविजा फडणवीस है।

देवेंद्र फडणवीस की संपत्ति

फडणवीस की संपत्ति की बात करें तो अक्टूबर 2024 तक उनकी कुल संपत्ति का मूल्य 5.25 करोड़ रुपये है। इसमें 56.07 लाख रुपये की चल संपत्ति और 4.68 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। उन्होंने हालिया हलफनामे के मुताबिक, उनके पास तकरीबन 24 हजार रुपये की नगदी रही। 450 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत लगभग 33 लाख रुपये है। देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता एक बैंकर और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उनकी कुल संपत्ति 7.92 करोड़ रुपये है, जिसमें 6.96 करोड़ रुपये चल संपत्ति और 95.29 लाख रुपये अचल संपत्ति है। उनके पास 4.36 करोड़ रुपये के 49 शेयर और 1.26 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड हैं।

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र की नयी विधानसभा का विशेष सत्र सात दिसंबर से, विधायक लेंगे शपथ

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 5 December 2024 at 15:45 IST