अपडेटेड 1 December 2024 at 14:37 IST
'महाराष्ट्र CM का नाम तय, शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी का इंतजार', बोले BJP नेता रावसाहेब दानवे
भाजपा नेता रावसाहेब दानवे ने कहा कि महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री का नाम तय हो गया है और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा इसकी पुष्टि किए जाने का इंतजार है।
- भारत
- 2 min read

Maharashtra News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रावसाहेब दानवे ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री का नाम तय हो गया है और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा इसकी पुष्टि किए जाने का इंतजार है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री दानवे ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि महाराष्ट्र के लोग जानते हैं कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने शनिवार को कहा था कि पांच दिसंबर की शाम को दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में महाराष्ट्र की नयी महायुति सरकार का शपथग्रहण समारोह होगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल होंगे।
फडणवीस का नाम सबसे आगे- BJP सूत्र
अभी तक इस बात की घोषणा नहीं की गई है कि नया मुख्यमंत्री कौन होगा लेकिन भाजपा सूत्रों ने बताया कि देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे है। फडणवीस दो बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं और वह कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली निवर्तमान सरकार में उपमुख्यमंत्री थे।
रविवार शाम को मुंबई लौटेंगे शिंदे
शिंदे शुक्रवार को सातारा जिले में अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हुए थे। इस बीच अटकलें लगाई जाने लगीं कि वह राज्य की नयी सरकार के गठन के लिए हो रही कवायद के तरीके से खुश नहीं हैं। उनके एक निकट सहयोगी ने कहा कि शिंदे को अपने पैतृक गांव में तेज बुखार हो गया था, लेकिन अब उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और वह रविवार शाम को मुंबई लौटेंगे।
Advertisement
दानवे ने एक क्षेत्रीय समाचार चैनल के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘यहां तक कि लोग भी जानते हैं कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। हम अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा उस व्यक्ति के नाम की पुष्टि किए जाने का इंतजार कर रहे हैं।’’
नाम पर आधिकारिक मुहर का इंतजार- भाजपा नेता
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘हम नाम पर आधिकारिक मुहर (अनुमोदन) का इंतजार कर रहे हैं।’’
Advertisement
मंत्रिमंडल की संरचना पर दानवे ने कहा, ‘‘यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है कि राज्य मंत्रिमंडल में किसे शामिल करना है।’’ शिंदे के सातारा में अपने गांव के दौरे के बारे में पूछे जाने पर दानवे ने कहा कि कार्यवाहक मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य राज्य प्रशासन के कामकाज में बाधा नहीं डालता है।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘जब कोई मुख्यमंत्री अपने पैतृक स्थान का दौरा करता है तो हमें इसमें गर्व महसूस होता है।’’
दानवे ने कहा, ‘‘जब (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की पिछली सरकार में) मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री थे, तब उनका हृदय संबंधी ऑपरेशन हुआ था लेकिन प्रशासन का कामकाज जारी रहा था।’’
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 1 December 2024 at 14:36 IST