अपडेटेड 19 February 2025 at 12:49 IST
'जो कहा वो ठीक ही कहा है'... महाकुंभ को ममता बनर्जी ने बताया था मृत्यु कुंभ, अब अखिलेश यादव भी करने लगे हां में हां
Mrityu Kumbh remark: ममता बनर्जी के मृत्यु कुंभ वाली टिप्पणी का अखिलेश यादव ने समर्थन किया है। उन्होंने यूपी के CM योगी आदित्यनाथ पर भी हमला बोला।
- भारत
- 3 min read

Mamata Banerjee Mrityu Kumbh remark: ममता बनर्जी महाकुंभ को 'मृत्यु कुंभ' बताकर नए विवाद को खड़ा कर चुकी हैं। हालांकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी की सुप्रीमो की टिप्पणी के बाद अखिलेश यादव ने उनके सुर में सुर मिलाए हैं। ममता बनर्जी के बयान का समर्थन करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने जो कहा वो ठीक ही कहा है।
समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव अपने बयान में कहा- 'पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने जो कहा वो ठीक ही कहा है। उनके लोगों की भी जान गई है। बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है। FIR भी दर्ज नहीं हो रही। इतने लोगों की जान गई है कि सरकार बता नहीं पा रही। अभी तक सबसे ज्यादा लोग इसी कुंभ में गुम हुए, सबसे ज्यादा लोगों की जान इसी कुंभ में गई है और सबसे ज्यादा लोग इसी कुंभ में बीमार हुए। इसका बीजेपी के पास जवाब क्या है?'
CM योगी पर भी अखिलेश यादव ने हमला किया
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा- 'जो अपने आप को साधकर चले वो साधु है, क्या आपको लगता है मुख्यमंत्री साध कर चल रहे हैं अपने आप को?' सपा प्रमुख ने कहा- 'जहां तक सवाल महाकुंभ का है। महाकुंभ के खिलाफ कोई नहीं है। आप लोगों ने निमंत्रण दिया लोगों को और कहा कि 100 करोड़ों लोगों के लिए इंतजाम किए। फिर भगदड़ कैसे हो गई, जाम कैसे लग गए। लोगों को गाड़ियों में समय गुजारना पड़ा। कई लोगों की जान चली गई। सरकार क्यों इन लोगों की मदद नहीं करती है।'
महाकुंभ पर ममता बनर्जी ने क्या बयान दिया?
पश्चिम बंगाल विधानसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पवित्र 'गंगा मां' और महाकुंभ के महत्व के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया, लेकिन अपर्याप्त व्यवस्थाओं के लिए आयोजकों की कड़ी आलोचना की। अपने बयान में ममता बनर्जी ने कहा, ‘ये मृत्यु कुंभ है। मैं महाकुंभ का सम्मान करती हूं, मैं पवित्र गंगा मां का सम्मान करती हूं। लेकिन कोई योजना नहीं है, कितने लोग बरामद किए गए हैं?’
Advertisement
अमीरों और गरीबों के लिए किए गए इंतजामों में असमानता का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, 'अमीरों, वीआईपी लोगों के लिए 1 लाख रुपये तक के कैंप (टेंट) की व्यवस्था उपलब्ध है। गरीबों के लिए कुंभ में कोई व्यवस्था नहीं है।' ममता बनर्जी ने आगे कहा, 'मेले में भगदड़ की स्थिति आम है, लेकिन व्यवस्था करना महत्वपूर्ण है। आपने क्या योजना बनाई थी?'
Advertisement
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 19 February 2025 at 12:49 IST