अपडेटेड 11 April 2025 at 21:46 IST
वक्फ कानून लागू होते ही अवैध निर्माण करने वालों में खौफ, मदरसा संचालक ने खुद ही चलवा दिया बुलडोजर
मध्य प्रदेश: देश में वक्फ कानून बनने के बाद पहली बार ऐसा हुआ होगा कि अवैध मदरसा संचालक ने सरकारी नोटिस के बाद डरकर खुद ही निर्माण को गिरा दिया।
- भारत
- 2 min read

मध्य प्रदेश: देश में वक्फ कानून बनने के बाद पहली बार ऐसा हुआ होगा कि अवैध मदरसा संचालक ने सरकारी नोटिस के बाद डरकर खुद ही निर्माण को गिरा दिया। जानकारी के मुताबिक पन्ना जिले की बीडी कॉलोनी में 30 सालों से अवैध मदरसा संचालित हो रहा था। इससे पहले कई बार नोटिस दिए गए लेकिन मदरसा संचालक ने कोई जवाब नहीं दिया। मामला लंबे वक्त तक न्यायालय में लंबित था लेकिन अब वक्फ संशोधन बिल आने के बाद जैसे ही प्रशासन का नोटिस मिला और प्रशासन ने कार्रवाई की धमकी दी तो मदरसा संचालक ने खुद ही मदरसे पर बुलडोजर चलवा दिया।
दरअसल, बेशकीमती शासकीय जमीन पर अवैध मदरसे के निर्माण पर कई बार आपत्ति ली गई और शिकायत की गई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई थी। अब इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। पहले भी शिकायत की गई थी कि शासकीय भूमि पर अवैध मदरसा बनाकर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। आरोप थे कि मदरसे के नाम पर पैसा वसूल किया जा रहा था। अब जब प्रशासन ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए तो अवैध मदरसा निर्माण करने वाले स्वयं इस मदरसे को तोड़ रहे हैं।
संचालकों ने खुद ही गिराया अवैध मदरसा
प्रशासन का कहना है कि मामला न्यायालय के अंतर्गत था, जो आदेश होता उसके हिसाब से कार्रवाई करते लेकिन अगर वो खुद अवैध निर्माण तोड रहे हैं तो अच्छी बात है। वहीं संचालकों का कहना है कि हमें ग्राम पंचायत में मदरसा बनाने की अनुमति दी थी लेकिन निगम सीमा में होने की वजह से प्रशासन इस अवैध बता रहा है। हमने खुद ही मदरसे को हटाने का फैसला कर लिया है।
Advertisement
नए कानून से अनैतिक गतिविधियों पर लगाम लगे- वी डी शर्मा
मामले पर पन्ना सांसद वी डी शर्मा का कहना है कि खुद वहां के मुस्लिम भाइयों ने इसकी शिकायत की थी कि वक्फ की जमीन पर अवैध निर्माण करके अनैतिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं।अब यह नए कानून की वजह से संभव हो पाएगा कि इस तरह के अनैतिक गतिविधियों पर लगाम लगेगी।
Advertisement
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 11 April 2025 at 21:39 IST