कांग्रेस के प्रदर्शन में 3 पुलिसकर्मी झुलसे, पुतला दहन के समय पेट्रोल डालने से भड़की आग, नेताओं ने झाड़ा पल्ला
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नामजद FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुलिस और प्रशासन इस मामले की गहन जांच कर रहे हैं, ताकि हादसे के जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा सके।
- भारत
- 2 min read

MP News : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में रविवार को फव्वारा चौक पर युवक कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ आयोजित इस प्रदर्शन में पुतला दहन के समय अचानक आग भड़क उठी, जिसमें तीन पुलिसकर्मी झुलस गए। इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस को त्वरित कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक पुतला दहन के दौरान किसी ने अचानक पुतले पर पेट्रोल डाल दिया, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। आग बुझाने की कोशिश में लगे पुलिसकर्मी इसकी चपेट में आ गए। घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
- सब इंस्पेक्टर नारायण बघेल: जिनके कपड़ों में आग लग गई और वे गंभीर रूप से झुलस गए।
- हेड कॉन्स्टेबल युवराज रघुवंशी: जिनका हाथ जल गया।
- कॉन्स्टेबल विकास बैस और सागर डेहरिया: इस हादसे में मामूली रूप से घायल हुए।
प्रशासन से नहीं ली अनुमति
कोतवाली टीआई आशीष कुमार ने बताया कि ज्वलनशील पदार्थ डालने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वीडियो की जांच शुरू कर दी है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम सुधीर जैन ने कहा कि कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली थी। उन्होंने बताया कि इस मामले की गहन जांच की जा रही है।
युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गोलू पटेल ने इस घटना से अपने कार्यकर्ताओं का कोई लेना-देना होने से इंकार किया। उन्होंने दावा किया कि पुतला दहन के दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति पेट्रोल डालने की कोशिश कर रहा था।
Advertisement
सांसद ने बताया "हत्या का प्रयास"
छिंदवाड़ा के सांसद विवेक बंटी साहू ने इस घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह घटना एक सोची-समझी साजिश थी। साहू ने आरोप लगाया कि कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ छिंदवाड़ा में अशांति फैलाना चाहते हैं। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों से अस्पताल में मुलाकात की और इस घटना को "हत्या का प्रयास" करार देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। प्रदर्शनकारियों और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नामजद FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुलिस और प्रशासन इस मामले की गहन जांच कर रहे हैं ताकि हादसे के जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा सके।