MP: सतना के कांग्रेस विधायक ने जिला अध्यक्ष बनने पर जोश में खोया होश, ओपन जीप पर सवार होकर तलवार से काटा केक, VIDEO VIRAL
MP News : कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वो तलवार से केक काटते हुए नजर आ रहे हैं।
- भारत
- 2 min read
Satna News : मध्य प्रदेश के सतना जिले में कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा पार्टी जिला अध्यक्ष बनने की खुशी में अपने होश खो बैठे। विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे अपने समर्थकों के बीच ओपन जीप में खड़े होकर तलवार से केक काटते हुए नजर आ रहे हैं। यह घटना उचेहरा की बताई जा रही है, जहां मैहर दर्शन के बाद विधायक का उनके समर्थकों ने भव्य स्वागत किया था।
हाल ही में कांग्रेस ने अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा की है, जिसमें सिद्धार्थ कुशवाहा को सतना का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। गुरुवार को भोपाल से लौटने के बाद, मैहर दर्शन कर सतना की ओर जाते समय उनके समर्थकों ने कई स्थानों पर अपने नेता का स्वागत किया। उचेहरा में स्वागत के दौरान समर्थकों ने केक लाकर विधायक को तलवार थमाई, जिसके बाद उन्होंने तलवार से केक काटा। इस अनोखे अंदाज का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
जोश में खोया होश
हालांकि, यह घटना जहां कुछ लोगों के लिए उत्साह का प्रतीक हो सकती है, वहीं कई लोग इसे गलत और दिखावटी बता रहे हैं। तलवार जैसे हथियार का उपयोग एक सामान्य समारोह में करना कई सवाल खड़े करता है। क्या यह जनप्रतिनिधि की छवि के अनुरूप है? क्या इस तरह का प्रदर्शन समाज में सकारात्मक संदेश देता है? विशेष रूप से, जब देश में हिंसा और हथियारों के दुरुपयोग को लेकर पहले ही चिंताएं हैं, ऐसे में एक विधायक का तलवार से केक काटना क्या उचित है?
तलवार से जश्न कितना सही?
कुछ लोगों का कहना है कि क्या अब जिला अध्यक्ष बनने का जश्न तलवार से मनाया जाएगा? वहीं, कुछ ने इसे महज उत्साह का हिस्सा बता रहे हैं। लेकिन यह सवाल बना हुआ है कि क्या एक जनप्रतिनिधि को इस तरह के प्रदर्शन से बचना चाहिए, जो विवाद का कारण बन सकता है? यह घटना न केवल सतना बल्कि पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन रही है। जनता और राजनीतिक विश्लेषकों की नजर अब इस बात पर है कि कांग्रेस पार्टी और विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा इस विवाद पर क्या स्पष्टीकरण देते हैं।