Video: अनोखे अंदाज में टूटी सड़क की शिकायत, हाथ में नारियल थामे दंडवत पहुंचा युवक... देखें रीवा में कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में क्या हुआ

रीवा कलेक्ट्रेल जनसुनवाई में धनेश सोनकर नामक एक युवक नारियल लेकर दंडवत करते पहुंचा, क्योंकि कई सालों से उसकी शिकायत नहीं सुनी जा रही। जानते हैं युवक अपने गांव के लिए क्या कुछ चाहता है, पढ़ें पूरा मामला।

Follow : Google News Icon  

Rewa Village Road Issue: मध्य प्रदेश के रीवा कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में एक अलग नजारा देखने को मिला, जहां रीवा जिले के कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान एक धनेश सोनकर नामक युवक हाथ में नारियल लेकर दंडवत की मुद्रा में शिकायत करने पहुंचा।

यह युवक गांव में सड़क नहीं बनने की पुरानी शिकायत लेकर आया था। मामला रीवा जिले के जवा, पंचायत गाढ़ा 138 का है। यहां के लोग पिछले कई सालों से अधूरी बनी सड़क से परेशान हैं। साल 2022 से लगातार शिकायतें की जा रही हैं। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि कई बार सड़क का टेंडर हो चुका, पर आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ।

सबसे ज्यादा दिक्कत वाली बात ये है कि बारिश के मौसम में गांव की यह सड़क पूरी तरह कीचड़ में बदल जाती है। स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क खराब होने की वजह से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी होती है। तो इसी समस्या की शिकायत करने के लिए युवक ने ये अनोखा तरीका अपनाया।

हाथ में नारियल लेकर दंडवत करते हुए पहुंचा युवक

गांव का युवक धनेश सोनकर कई बार प्रशासन के पास शिकायत लेकर गया। हर बार आश्वासन मिला, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार उसने अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने के लिए यह अनोखा तरीका चुना। हाथ में नारियल लेकर दंडवत करते हुए वह जनसुनवाई में पहुंचा। धनेश सोनकर ने बताया कि, 'हमने कई बार गुहार लगाई, लेकिन समस्या जस की तस है। अब इस तरीके से अपनी आवाज उठा रहा हूं ताकि अधिकारी ध्यान दें।'

Advertisement

अनोखे अंदाज में शिकायत पर अब सबकी नजर

युवक के इस अनोखे अंदाज में पहुंचने पर ये घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। स्थानीय लोग इसे ग्रामीणों की मजबूरी बता रहे हैं। अब देखना होगा कि कलेक्टर कार्यालय इस अनोखे विरोध के बाद कितनी जल्दी हरकत में आता है और गांव को सड़क कब मिल पाती है। रीवा जिले में कई गांवों में इसी तरह की सड़क समस्याएं हैं। जनसुनवाई जैसे मंचों पर ऐसी शिकायतें आम हैं, लेकिन इस बार युवक के तरीके ने सबका ध्यान खींच लिया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। वहीं, ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस बार उनकी समस्या का जल्द समाधान होगा। 

यह भी पढ़ें: 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट... कश्मीर, दिल्ली, राजस्थान में गर्मी बढ़ी

Advertisement
Published By :
Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड