Omkareshwar Jyotirlinga: ओंकारेश्वर मंदिर में बिना लाइन VIP दर्शन चाहिए? बस करना होगा पुण्य का ये काम

ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में रक्तदान करने वालों को बिना लाइन फ्री VIP दर्शन करने का मौका मिलेगा। खंडवा प्रशासन ने ये अनोखी पहल की है। पहले दिन ही 13 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने रक्तदान किया। जानें ये पहल इतनी खास क्यों है?

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Omkareshwar Jyotirlinga Free Darshan Blood Donation
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में रक्तदान करने वालों को बिना लाइन फ्री VIP दर्शन करने का मौका मिलेगा | Image: Republic/ khandwa.nic.in

सत्य विजय सिंह की रिपोर्ट

Omkareshwar Blood Donation: तीर्थनगरी और 12 ज्योतिर्लिंगों में से चौथा ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर में खंडवा जिला प्रशासन ने रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए एक क्रांतिकारी पहल की है। अब मंदिर परिसर में रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को बिना किसी शुल्क के VIP प्रोटोकॉल के तहत बाबा भोलेनाथ के दर्शन कराए जाएंगे। हादसों में बढ़ती रक्त की मांग को पूरा करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

दरअसल, रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल की शुरुआत की है। अब जो भी श्रद्धालु तीर्थनगरी ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में रक्तदान करेंगे, उन्हें मंदिर में फ्री VIP प्रोटोकॉल के तहत दर्शन की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस पहल की शुरुआत आज मंगलवार (24 फरवरी) से की गई। खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन का मानना है, कि आस्था के साथ अगर सामाजिक जिम्मेदारी भी जुड़ जाए तो उसका प्रभाव कई गुना बढ़ जाता है।

पहले दिन 13 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किया रक्तदान

इस अनूठी पहल के पहले ही दिन 13 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने रक्तदान कर इस अभियान की शुरुआत को सफल बनाया। जिला प्रशासन का लक्ष्य है, कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस अभियान से जुड़ें और जरूरतमंदों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करें। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है। ओंकारेश्वर जैसे प्रमुख तीर्थस्थल पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में अगर श्रद्धालु दर्शन के साथ रक्तदान भी करें तो यह समाज के लिए एक बड़ा योगदान होगा।

Advertisement

मंदिर परिसर के पास बना ब्लड डोनेशन काउंटर

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर के पास ही जिला अस्पताल द्वारा एक विशेष ब्लड डोनेशन काउंटर तैयार किया गया है। इच्छुक दर्शनार्थियों को जो भीड़-भाड़ से बचना चाहते हैं और VIP दर्शन करना चाहते हैं उन्हें पहले रक्तदान करना होगा, जिसके बाद उन्हें प्रोटोकॉल के तहत फ्री वीआईपी दर्शन कराए जाएंगे। प्रशासन का कहना है, कि यह व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संचालित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर मौजूद रहेगी ताकि रक्तदान प्रक्रिया पूरी तरह चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप हो।

बढ़ती रक्त की मांग को देखते हुए उठाया कदम

खंडवा जिले के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाओं के मामले सामने आते हैं। कई बार ओंकारेश्वर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु भी हादसों का शिकार हो जाते हैं, जिनके इलाज के दौरान रक्त की आवश्यकता पड़ती है। इसके अलावा जिला अस्पताल में भी पिछले साल की तुलना में इस साल रक्त की मांग में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऐसे में प्रशासन ने श्रद्धालुओं को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित करने की यह नई पहल शुरू की है, ताकि आपात स्थिति में रक्त की कमी न हो।

Advertisement

आस्था और सेवा का अनूठा संगम

ओंकारेश्वर में शुरू की गई यह पहल ईश्वर भक्ति और देशभक्ति का अद्भुत संगम मानी जा रही है। प्रशासन को उम्मीद है, कि यह मॉडल बाकी धार्मिक स्थलों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। दर्शन के साथ अगर श्रद्धालु रक्तदान जैसे महादान से जुड़ते हैं, तो यह न सिर्फ पुण्य का कार्य होगा बल्कि कई जिंदगियां बचाने में भी मददगार साबित होगा। 

यह भी पढ़ें:  वरमाला के बाद सनकी आशिक ने दुल्हन को मारी गोली, स्टेज के पास आया, फिर...

Published By:
 Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड