अपडेटेड 29 July 2024 at 19:58 IST
MP News: दिनदहाड़े महिला की हत्या से सहमा ग्वालियर, 2 नकाबपोशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग; आरोपी फरार
Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दिनदहाड़े 55 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सोमवार शाम 5 बजे की है।
- भारत
- 2 min read
Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दिनदहाड़े 55 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सोमवार शाम 5 बजे की है। बताया गया है कि महिला जब अपने बेटे के साथ डॉक्टर से चेकअप कराकर घर लौट रही थीं तभी घर से कुछ ही दूरी पर दो नकाबपोश बदमाशों ने बेटे से चेन लूटने की कोशिश की, महिला ने विरोध किया तो गोली मारकर भाग निकले। घायल महिला को प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक महिला के रिश्तेदारों का आरोप है कि बदमाशों के निशाने पर उनका बेटा था। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है और कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना माधोगंज थाना क्षेत्र के गुढ़ा स्थित प्रीतम बिहार कॉलोनी की है। घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों की पहचान हो सके। मृतका का नाम अनीता गुप्ता है। फिलहाल पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और विवेचना शुरू कर दी है।
साले के मारने आए थे बदमाश- रोहित गुप्ता, मृत महिला के दामाद
मृतका अनीता गुप्ता के दामाद रोहित गुप्ता का कहना है कि उनकी सास अनीता गुप्ता अपने बेटे के साथ डॉक्टर को दिखाकर घर वापस लौट रहीं थीं, तभी बाइक पर दो नकाबपोश युवक आए और साले से चैन छीनने का प्रयास किया और फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में गोली उनकी सास अनीता गुप्ता को गोली लगी, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया।
रोहित गुप्ता का दावा है कि बदमाशों के निशाने पर उनका साला था। रोहित गुप्ता ने आशंका जताई है कि संभवत पूर्व रंजिश के चलते भी वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। क्योंकि उनका साला ट्रेवल्स कारोबार से जुड़ा है।
Advertisement
पूरे घटनाक्रम की जांच कर पुलिस कार्रवाई करेगी- अशोक सिंह जादौन, डीएसपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर अस्पताल पहुंच गए। डीएसपी हेडक्वार्टर अशोक सिंह जादौन का कहना है कि गोली लगने से 55 वर्षीय महिला अनीता गुप्ता की मौत हुई है। अपोलो अस्पताल के डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की है। महिला के शव को अब पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। पूरे घटनाक्रम की जांच कर पुलिस कार्रवाई करेगी। इस मामले में पुलिस कई बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है ताकि नकाबपोश बाईक सवार बदमाशों की पहचान संभव हो सके।
Advertisement
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 29 July 2024 at 19:58 IST