MP: कटनी में दिवाली पर बड़ा हादसा, दुकान-मकान में भीषण अग्निकांड, 6 लोग जिंदा जले; मां की गोद में 2 महीने के मासूम ने तोड़ा दम
कटनी जिले के बरही में एक भीषण अग्निकांड ने पूरे परिवार की खुशियों को उजाड़ दिया। तीन मंजिला इमारत में आग लगने से 6 लोग जिंदा जल गए।
- भारत
- 4 min read

दीपावली की रात जब पूरा शहर रोशनी से नहा रहा था, हर तरफ पटाखों की गूंज सुनाई थी,तभी कटनी जिले के बरही में एक भीषण अग्निकांड ने पूरे परिवार की खुशियों को उजाड़ दिया। शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें परिवार के छह सदस्य जिंदा जल गए।
आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि फायर ब्रिगेड की टीमें भी समय रहते लोगों को बचा नहीं सकीं। रातभर इमारत आग की लपटों से घिरी रही। परिवार के सदस्य जिंदगी और मौत के बीच अंदर जूझते रहे। इस हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, नातिन आर्या (14), अन्वी (6) और महज दो माह के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई।
ग्राउंड फ्लोर पर दुकान में लगी थी आग
SDOP वीरेंद्र नार्वे ने बताया, "पूरन अग्रवाल की एक दुकान थी। इसके ग्राउंड फ्लोर पर प्लास्टिक के बर्तन की दुकान थी और ऊपरी मंजिल पर उनका घर था। वहां आग लग गई, जिसमें कुल 6 लोगों की मौत हो गई। अभी आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। ऐसा अनुमान है कि शायद किसी दीये या शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो; हालांकि, जांच के बाद ही असली वजह साफ हो पाएगी। इसमें मरने वालों में 2 बुजुर्ग (दोनों की उम्र लगभग 70 साल है), 1 महिला और 3 छोटे बच्चे हैं।"
कलेक्टर आशीष तिवारी ने बताया कैसे हुई घटना
कलेक्टर आशीष तिवारी ने बताया, " एक मकान में आग लग जाने के कारण हम लोगों ने अपने बीच के 6 लोगों को खो दिया है। 2 लोग सकुशल बाहर आए हैं। लगभग 12:30 बजे आग लगने की सूचना आई और 12:45 पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और काम शुरू किया... उस मकान में नीचे प्लास्टिक के बर्तन का सामान था जो काफी ज्वलनशील होता है। हम लोग उसे नियंत्रित नहीं कर पाएं। जब आग थोड़ी काबू हुई तो दीवार तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया... इन सभी के बाद भी यह दुखद है कि हम लोग 6 लोगों की जान नहीं बचा पाएं... प्रशासन की तरफ से पूरी मदद की जाएगी और आर्थिक सहायता भी दी जाएगी..."
Advertisement
आग पर काबू पाने में लग गए 5 घंटे
सुबह करीब 4:30 बजे 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल का शव बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर परिवार के बाकी पांच सदस्यों के शव निकाले गए। इनमें दो माह का मासूम भी शामिल था। शवों को निकालने में करीब पांच घंटे का समय लग गया। घटनास्थल का मंजर इतना हृदयविदारक था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रारंभिक जांच में आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका जताई जा रही है। आगे की जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि फायरबिग्रेड की लापरवाही के कारण हुई इस मौत की जिम्मेदारी तय की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों के गुस्से के कारण इलाके में तनाव का माहौल भी बना हुआ है।