MP: पुलिस को देखकर डर से तालाब में कूद गए 4 नाबालिग, 3 की मौत, एक ने तैरकर बचाई जान; शहडोल में पसरा मातम

शहडोल जिला मुख्यालय से एक ही घटना सामने आए जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। पुलिस के पेट्रोलिंग गाड़ी को देखकर चार नाबालिग तालाब में कूद गए। डूबने से तीन की मौत हो गई।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
 3 Youths Died in Shahdol,
पुलिस को देखकर डर से तालाब में कूद गए 4 नाबालिग, 3 की मौत | Image: Republic

मध्य प्रदेश के शहडोल में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के चौपाटी के पीछे झूला पुल के पास स्थित तालाब में पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन को देखकर चार नाबालिग युवकों ने डर के मारे पानी में छलांग लगा दी। गहरे पानी में डूबने से तीन की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चौथा किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा पाया।

मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 22 मोहल्ले (घरोला इलाके) के रहने वाले समीर वंशकार, गौरव वंशकार, दुर्गेश वंशकार और उनके साथी पंकज वंशकार चौपाटी के पीछे झूला पुल के पास तालाब किनारे मौजूद थे। इसी दौरान वहां पुलिस का पेट्रोलिंग वाहन पहुंच गया। पुलिस को देखकर चारों युवक घबरा गए और तालाब में कूद पड़े। समीर, गौरव और दुर्गेश गहरे पानी में समा गए, जबकि पंकज तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा। हालांकि उसकी अभी अस्पताल में इलाज चल रहै, डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई है।  

SDRF ने चलाया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली और सोहागपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। SDRF को भी बुलाया गया। बचाव दल ने करीब एक घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। तीनों युवकों को बेहोशी की हालत में तालाब से बाहर निकाला गया और तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल में परिजनों का हंगामा

खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। भीड़ और तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा। शवों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां मौजूद परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। उनका आरोप था कि जब युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया तो वहां कोई डॉक्टर या मेडिकल स्टाफ मौजूद नहीं था। घटना की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार अस्पताल पहुंचे।

Advertisement

जिला प्रशासन पर आरोप

सिटी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (सीएसपी) राजेंद्र मोहन दुबे ने पुष्टि की कि चार युवक तालाब में कूद गए थे, जिनमें से एक बच गया और तीन डूब गए। उन्होंने बताया कि युवक पानी में क्यों उतरे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तीन परिवारों के चिराग बुझने से पूरे इलाके में मातम पसरा है। पुलिस पर लगे आरोपों को देखते हुए जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।

तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन 

प्रशासन ने तीन सदस्यीय समिति से जांच कराने का आदेश दिया है। समिति में एक अतिरिक्त कलेक्टर, एक सिविल सर्जन और एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शामिल हैं। समिति को एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। प्रशासन ने मृतकों के प्रत्येक परिवार को तत्काल 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी मंजूरी दी है। पुलिस का कहना है कि युवक वहां से क्यों भागे और तालाब में क्यों कूदे, इसका सटीक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। 

Advertisement

यह भी पढ़ें: नोएडा सेक्टर-63 की गारमेंट कंपनी में लगी भीषण आग, धू-धू कर जली बिल्डिंग
 

Published By:
 Rupam Kumari
पब्लिश्ड