CM मोहन यादव ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का किया अनावरण, कहा- लोकतंत्र के नायक थे वाजपेयी

CM मोहन यादव ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने बाद कहा कि वाजपेयी पूरे भारत को अपना परिवार मानते थे।

Follow : Google News Icon  
CM Mohan Yadav unveiled the statue of Atal Bihari Vajpayee
CM मोहन यादव ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का किया अनावरण | Image: X/DrMohanYadav51

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की एक प्रतिमा का अनावरण करने के बाद कहा कि दिवंगत वाजपेयी ‘लोकतंत्र के नायक’ थे जो पूरे भारत को अपना परिवार मानते थे। यादव ने कहा कि भारत रत्न वाजपेयी बड़े दिल वाले थे जिन्होंने लोकतंत्र और संसदीय परंपराओं को मजबूत करने के लिए अथक काम किया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह को नहीं देखा, लेकिन अटल जी को करीब से देखा है। मैं उन्हें शत-शत नमन करता हूं। अटल जी के रूप में देश को लोकतंत्र का एक नायक मिला, जो लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करने वाले कालजयी महापुरुष थे। उनकी सहजता, सरलता, विनम्रता और मूल्य आज भी हमें जीने का तरीका सिखाते हैं।’’

‘हमेशा सत्य के लिए जीवन जिया’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने हमेशा सत्य के लिए जीवन जिया। वह बड़े दिल वाले व्यक्तित्व थे, जो पूरे भारत को अपना परिवार मानते थे। चाहे वह सत्ता पक्ष में रहे हों या विपक्ष में, वह एक ही भाषा बोलते थे। हमने अटल जी के व्यक्तित्व में यह देखा है। 50 साल तक विपक्ष में बैठकर उन्होंने लोकतंत्र और संसदीय परंपराओं को मजबूत करने के लिए अभूतपूर्व काम किया।’’

यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने पोकरण में परमाणु परीक्षण करके दुनिया में देश का मान बढ़ाया था, वहीं पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) और केन-बेतवा (केबी) नदी जोड़ो परियोजनाएं उनकी दूरदृष्टि का परिणाम हैं।

Advertisement

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अटल जी की सोच को लागू किया है। मोदी के नेतृत्व में हमने 70 हजार करोड़ रुपये की नदी जोड़ो परियोजना के साथ मध्य प्रदेश में जल संग्रहण का नया अभियान शुरू किया है।’’ मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

ये भी पढ़ें: 'मैं नाराज नहीं हूं, महायुति में कोल्ड वार नहीं...', डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री फडणवीस के साथ अनबन पर तोड़ी चुप्पी

Advertisement

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By :
Sagar Singh
पब्लिश्ड