मध्यप्रदेश के नेपानगर में स्कूल बस पलटने से 20 छात्र घायल
MP News: मध्य प्रदेश के नेपानगर में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कूल बस के एक नदी के किनारे पलट जाने से 20 छात्र घायल हो गए।
- भारत
- 1 min read

MP News: मध्य प्रदेश के नेपानगर में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कूल बस के एक नदी के किनारे पलट जाने से 20 छात्र घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नेपानगर के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी निर्भय सिंह अलवा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे धारणी नदी के पास हुई। उन्होंने बताया कि तेज गति से चल रही बस सड़क से उतरकर पलट गई।
अधिकारी के अनुसार, चार छात्रों के हाथ या पैर की हड्डी टूट गयी और उनके सिर में भी चोटें आई हैं। सभी घायल छात्रों को नजदीकी सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ छात्रों ने अधिकारियों को बताया कि उन्होंने चालक से बस की गति धीमी करने का अनुरोध किया था लेकिन उसने छात्रों की बात नहीं सुनी।
यह घटना बुरहानपुर से 45 किलोमीटर और राज्य की राजधानी भोपाल से 300 किलोमीटर से अधिक दूरी पर हुई। बस नेपानगर के एक स्कूल जा रही थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
Advertisement
उन्होंने बताया कि चालक दुर्घटना के बाद घटनास्थल से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।