अपडेटेड 1 July 2025 at 07:20 IST
LPG Cylinder Price: सस्ता हुआ एलपीजी सिलेंडर, दिल्ली से मुंबई तक घटे दाम; जान लें नए रेट...
LPG Price: 1 जुलाई को एलपीजी सिलेंडर के दामों में फिर बदलाव हुआ है। दिल्ली से लेकर मुंबई तक इसके दाम में कटौती हुई है। फटाफट चेक कर लें नए रेट...
- भारत
- 3 min read

LPG Cylinder Price: हर महीने की पहली तारीख को कई बदलाव होते हैं, जिनका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ता है। एक तारीख को LPG सिलेंडर के दाम भी बदलते हैं। इनमें या तो इजाफा होता है या कटौती या फिर इसकी कीमतें कई बार स्थिर भी रहती हैं। इसी क्रम में 1 जुलाई को भी एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव किया गया है। आज (1 जुलाई) को सिलेंडर के दामों में 60 रुपये तक की कटौती की गई है, जिससे आम आदमी को थोड़ी राहत मिली है। हालांकि यह कटौती 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई है।
14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है और ये पहले की तरह स्थिर हैं।
अब इतने में मिलेगा 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में संशोधन किया है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में आज से 58.50 रुपये की कटौती की गई है। दिल्ली में अब 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 1665 रुपये में मिलेगा, जिसकी कीमत पहले 1723.50 रुपये थी।
इसी तरह कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर के दाम घटने के बाद अब ये 1769 रुपये में मिलेगा, जो पहले 1826 रुपये में था। इसके अलावा मुंबई में 19 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमतें कम होकर अब 1616.50 रुपए और 1823.50 रुपए पर आ गई है।
Advertisement
लगातार चौथे महीने घटे दाम
बता दें कि ये लगातार चौथा महीना ऐसा है, जब कमर्शियल गैस सिलेंडर सस्ता हुआ है। अप्रैल से इसके दाम घटते जा रहे हैं। जहां जून महीने में कमर्शियल सिलेंडर 24 रुपये सस्ता हुआ था। वहीं, मई महीने में 14.50 रुपये और अप्रैल महीने में 41 रुपये दाम घटे थे।
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव नहीं
वहीं, बात 14.2 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलेंडर की करें तो फिलहाल इसकी कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अप्रैल महीने में सरकार ने घरेलू LPG सिलेंडर के दाम बढ़ाए थे। ये अब भी उसी कीमत पर मिलेगा। 7 अप्रैल 2025 को सरकार ने घरेलू एलपीजी गैस के दाम में 50 रुपए की बढ़ोतरी की थी। इसके साथ ही दिल्ली में 14.2 किलो वाले सिलेंडर के दाम बढ़कर 853 रुपये हो गए थे। कोलकाता में यह सिलेंडर अब भी 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये में मिल रहा है।
Advertisement
तेल विपणन कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। यह समीक्षा अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों, विदेशी मुद्रा विनिमय दर और अन्य आर्थिक पहलुओं पर आधारित होती है। इस बार कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई कटौती व्यवसायों के लिए एक राहत भरी खबर है। हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं को अभी भी एलपीजी की कीमतों में किसी राहत का इंतजार बना हुआ है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 1 July 2025 at 07:01 IST