छत्तीसगढ़: नक्सलियों के खिलाफ बड़ा एक्शन, नारायणपुर एनकाउंटर नक्सली हुए ढेर; हथियार बरामद

Naxal Encounter: सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से छह नक्सलियों का शव, बड़ी संख्या में हथियार और विस्फोटक तथा अन्य सामान बरामद किया।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
narayanpur naxal encounter
नारायणपुर मुठभेड़ में छह नक्सली ढेर | Image: PTI

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में शुक्रवार को सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में मारे गए छह नक्सलियों के सिर पर 38 लाख रुपये का नकद इनाम है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने शुक्रवार को दावा किया था कि नारायणपुर के ओरछा थाना क्षेत्र के गोबेल और थुलथुली गांवों के पास मुठभेड़ में सात नक्सलियों को मार गिराया गया। पुलिस ने शनिवार को मृतकों की संख्या में संशोधन किया और पुष्टि की कि इस कार्रवाई में तीन महिलाओं सहित छह नक्सली मारे गए।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि छह जून को नारायणपुर, दन्तेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव के सीमावर्ती क्षेत्र में पूर्वी बस्तर संभाग के माओवादी कैडर और पीएलजीए कंपनी नंबर छह के माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर संयुक्त बल रवाना किया गया था।

ऐसे शुरू हुई थी मुठभेड़

सुंदरराज ने बताया संयुक्त बल में नारायणपुर डीआरजी, दंतेवाडा डीआरजी, बस्तर डीआरजी, कोडांगाव डीआरजी, भारत तिब्बत सीमा पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान शामिल थे। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान शुक्रवार को अपराह्न करीब तीन बजे भटबेड़ा-बट्टेकाल और छोटेटोंडेबेड़ा के जंगल में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

Advertisement

बड़ी संख्या में हथियार भी हुए थे बरामद

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी बंद होने के बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से छह नक्सलियों का शव, बड़ी संख्या में हथियार और विस्फोटक तथा अन्य सामान बरामद किया। 

सुंदरराज ने बताया कि घटना स्थल में खून के धब्बे मिले हैं। मुठभेड़ में बडी संख्या में अन्य नक्सलियों के घायल होने या मारे जाने की भी संभावना है। उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान मसिया (32), रमेश कोर्राम (29), सन्नी उर्फ सुंदरी, सजन्ती पोयाम, जयलाल सलाम उर्फ सैता और जननी उर्फ जन्नी के रूप में हुई है।

Advertisement

नक्सलियों पर रखा गया था इनाम

पुलिस अधिकारी ने बताया कि नक्सली मसिया, रमेश, सन्नी और सजन्ती के सिर पर आठ—आठ लाख रूपए, जयलाल के सिर पर पांच लाख रूपए तथा जननी के सिर पर एक लाख रुपए का इनाम है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान नारायणपुर डीआरजी के तीन जवान सहायक उप निरीक्षक कचरू राम कोर्राम (45), आरक्षक मंगलू राम कुमेटी (47) और आरक्षक भारत सिंह धरल (23) घायल हुए हैं। उन्हें उचित उपचार के लिए रायपुर भेजा गया है। घायल जवानों की स्थिति खतरे से बाहर है।

सुंदरराज ने बताया कि बस्तर संभाग में वर्ष-2024 में अभी तक कुल-71 मुठभेड़ हुई तथा 123 माओवादियों के शव और 136 हथियार बरामद किए गए। इस वर्ष अब तक कुल-399 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली के शाहीन बाग में आग लगने से तीन रेस्तरां, दो फ्लैट जलकर खाक

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By:
 Ruchi Mehra
पब्लिश्ड