Odisha News: ओडिशा के मयूरभंज में चक्रवाती तूफान से लगभग 200 घर तबाह, हवा में उड़ी गाड़ियां; दो की मौत, 10 घायल

Odisha Weather News: ओडिशा के मयूरभंज में आए भीषण 'नॉरवेस्टर' तूफान ने भारी तबाही मचाई है। इस आपदा में 2 लोगों की जान चली गई और लगभग 200 घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Odisha Weather News
प्रतिकात्मक फोटो | Image: ANI

Odisha Weather News: ओडिशा के मयूरभंज में रविवार का दिन तबाही लेकर आया। शाम करीब 4 बजे अचानक आए भीषण 'कालबैशाखी' (नॉरवेस्टर) तूफान ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि देखते ही देखते लगभग 200 घर मलबे में तब्दील हो गए। इस दर्दनाक प्राकृतिक आपदा में दो लोगों की जान चली गई। वहीं, NH-220 के पास आए इस बवंडर ने मयूरभंज के कई गांवों का मंजर बिल्कुल भयावह कर दिया। 

हवा में उड़ते दिखे वाहन

तूफान का असर इतना भयावह था कि किआ और कंकड़ा जैसे गांवों में तबाही के निशान हर तरफ दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, हवा का दबाव इतना अधिक था कि सड़क पर खड़े ऑटो रिक्शा और स्कूटर खिलौनों की तरह हवा में उड़ने लगे। कुदरत के इस भयावह नजारे में लगभग 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें केओंझार मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, दर्जनों अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। बिजली के खंभे और सैकड़ों पेड़ उखड़ने की वजह से कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा।

स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटीं 

हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन, दमकल विभाग और पुलिस की टीमें राहत कार्य में जुट गई हैं। राज्य सरकार ने तुरंत कदम उठाते हुए मृतकों के परिवारों के लिए 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। प्रशासनिक अधिकारी अभी भी नुकसान का सटीक आकलन करने में जुटे हैं ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द जरूरी मदद पहुंचाई जा सके। 

अभी टला नहीं है खतरा

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मयूरभंज के लिए सोमवार को भी 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जिसका अर्थ है कि अभी भी खराब मौसम की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा सुंदरगढ़, केओंझार, बालासोर और भद्रक जैसे जिलों में 'येलो अलर्ट' के जरिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटों में इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका है।

Advertisement

सिक्किम में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा 

ओडिशा के साथ-साथ उत्तर-पूर्वी राज्य सिक्किम में भी कुदरत के तेवर तीखे बने हुए हैं। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण गंगटोक समेत राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। मौसम विभाग ने सिक्किम के लिए 17 मार्च तक अलर्ट जारी किया है। मंगन और पाक्योंग जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई जा रही है। 

ये भी पढ़ें:  Virat Kohli ने रोहित-सहवाग सहित सचिन को भी किया इग्नोर, इस खिलाड़ी को बताया टी20 का असली 'सुल्तान', VIDEO

Advertisement
Published By:
 Shashank Kumar
पब्लिश्ड