BREAKING: छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा, वेदांता पावर प्लांट में विस्फोट, बॉयलर फटने से 9 लोगों की मौत; कई जख्मी

BREAKING: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार दोपहर एक बड़ा औद्योगिक हादसा हुआ, जहां डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट हो गया।

Follow : Google News Icon  
CG Major Blast at Vedanta Power Plant Sakti
CG Major Blast at Vedanta Power Plant Sakti | Image: Republic

CG Boiler Blast: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आ रही है, जहां डभरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंघीतराई में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण धमाके ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है। यहां दोपहर करीब 2 बजे अचानक प्लांट के बॉयलर की ट्यूब फटने से एक जोरदार धमाका हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। विस्फोट के बाद प्लांट के भीतर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।

अबतक 9 लोगों की मौत

हादसे में हताहतों की संख्या को लेकर सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने पुष्टि की है कि इस घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हुई है। वहीं, धमाके के वक्त मौके पर ही 3 मजदूरों की मौत हो गई। इसके बाद रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान 6 और मजदूरों ने दम तोड़ दिया। 
वहीं, लगभग 30-40 मजदूर झुलसे हुए बताए जा रहे हैं। इनमें से 11 का इलाज खरसिया के पद्मावती अस्पताल में और 15 से अधिक का रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस व मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे के तुरंत बाद जिला प्रशासन, पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। वर्तमान में राहत कार्य जारी है और प्रशासन मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया में जुटा है। मुख्यमंत्री कार्यालय भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बॉयलर की ट्यूब फटना माना जा रहा है। हालांकि, इस घटना ने औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और मजदूरों के परिजनों का आरोप है कि प्लांट में सुरक्षा इंतजामों को लेकर लंबे समय से लापरवाही बरती जा रही थी। प्रशासन ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। 

Advertisement

वेदांता पावर प्लांट के प्रवक्ता ने क्या कहा?

वहीं, मामले में वेदांता पावर प्लांट के प्रवक्ता ने कहा है, ‘14 अप्रैल 2026 की दोपहर को, हमारे सिंगही तराई प्लांट की एक बॉयलर यूनिट में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। इस घटना में हमारे सब-कॉन्ट्रैक्टर NGSL के कर्मचारी शामिल थे, जो इस यूनिट का संचालन और रखरखाव करते हैं। हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि इस घटना से प्रभावित सभी लोगों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सहायता और उपचार मिले। हम घायलों को पूरा सहयोग दे रहे हैं और चिकित्सा टीमों तथा स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम घटना के विवरण का पता लगाने की प्रक्रिया में हैं, और हमारे पार्टनर तथा संबंधित अधिकारियों के समन्वय से एक विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस कठिन समय में, हमारी संवेदनाएं और गहरी सहानुभूति प्रभावित लोगों के परिवारों के साथ हैं। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि जब तक हम सत्यापित जानकारी जुटा रहे हैं, तब तक आप अपना सहयोग और समय दें।’

गाजियाबाद में भी हुआ था ऐसा ही हादसा

बॉयलर फटने की यह कोई पहली घटना नहीं है। ठीक एक साल पहले मार्च 2025 में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (भोजपुर इलाका) की एक पेपर मिल में भी इसी तरह का विस्फोट हुआ था, जिसमें 3 मजदूरों की मौत हो गई थी। 

Advertisement

ये भी पढ़ें:  सम्राट चौधरी होंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री, NDA विधायक दल की बैठक में चुने गए नेता; 20 साल बाद बदलेगा बिहार का CM

(Note: यह एक ब्रेकिंग स्टोरी है। अधिक जानकारी के साथ अपडेट हो रही है)

Published By :
Shashank Kumar
पब्लिश्ड