CM सुवेंदु का बड़ा एक्शन, कोलकाता होटल अग्निकांड में 2 आरोपी गिरफ्तार, बांग्लादेशी नागरिकों सहित 9 की हुई थी मौत
Kolkata Hotel Fire: कोलकाता होटल अग्निकांड में पश्चिम बंगाल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने होटल के दो कर्मचारियों को भी हिरासत में लिया और पूछताछ कर रही है। बता दें कि इस हादसे में 9 लोगों की मौत हुई थी।
- भारत
- 3 min read

Kolkata Hotel Fire: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार तड़के करीब 2 बजे मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर एक होटल में लगी आग, जिसमें एक बच्चे समेत कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई जबकि 6 अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए हैं।। इमारत से करीब 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अब इस मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने होटल के दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया और पूछताछ कर रही है। वहीं, गिरफ्तार एक आरोपी की पहचान अबू जफर के तौर पर हुई है, जो मिर्ज़ा गालिब स्ट्रीट पर स्थित होटल शिखा इन का लीजहोल्डर है।
कोलकाता होटल अग्निकांड 2 लोग गिरफ्तार
गौरतलब है कि 19 अगस्त को जिस होटल 'शिखा इन' में आग लगी थी, उसके लीज होल्डर अबू ज़फर को कल एंटाली मेन मार्केट से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के लिए 2 कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है। होटल 'शिखा इन' में लगी भीषण आग में एक बच्चे समेत नौ लोगों की मौत हो गई थी।
जांच के लिए SIT की टीम गठित
इस घटना के बाद, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सभी परिस्थितियों की जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई। पुलिस के अनुसार, न्यू मार्केट पुलिस स्टेशन को रात करीब 2 बजे आग लगने की सूचना मिली। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जबकि फायर ब्रिगेड और CESC अधिकारियों को अलर्ट किया गया और उनसे तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया। बताया गया कि मरने वालों में अधिकतर बांग्लादेशी नागरिक थे।
Advertisement
चार लोग एक ही बांग्लादेशी परिवार के
कोलकाता में बांग्लादेश के डिप्टी हाई कमीशन ने बताया कि इस घटना में नौ लोगों की मौत हुई, जिनमें पांच बांग्लादेशी नागरिक शामिल थे। इनमें से चार लोग एक ही परिवार के थे और कुश्तिया के रहने वाले थे, जबकि पांचवां व्यक्ति ढाका का था।
डिप्टी हाई कमीशन ने बताया कि मरने वालों में से एक भारतीय नागरिक था, जबकि तीन पीड़ितों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उन्होंने यह भी बताया कि घायल हुए छह बांग्लादेशी नागरिकों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
अवैध परमिट वाले होटल की जांच होगी
इस बीच, घटनास्थल का दौरा करने वाली पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि राज्य सरकार एक टीम बनाने की योजना बना रही है जो यह जांचेगी कि कोलकाता में चल रहे होटलों के पास वैध परमिट और फायर लाइसेंस हैं या नहीं।
Advertisement
पॉल ने बताया कि इमारत की तीन मंजिलों पर लगभग 10 होटल चल रहे थे, जिनमें छोटे-छोटे कमरे थे। उन्होंने कहा कि इस तरह की व्यवस्था की इजाजत नहीं दी जा सकती।