कोलकाता होटल अग्निकांड में CM सुवेंदु अधिकारी का बड़ा एक्शन, जांच के लिए 5 सदस्यी SIT टीम का गठन, हादसे में 9 लोगों की मौत
Kolkata Hotel Fire: मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रशासन बचाव और राहत कार्यों, घायलों को चिकित्सा सहायता देने और आग लगने के कारणों की जांच करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
- भारत
- 3 min read

Kolkata Hotel Fire: पश्चिम बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर एक होटल में लगी आग की पूरी जांच के लिए पांच सदस्यों वाली स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि यह हादसा पिछली सरकार की "लापरवाही की विरासत" की एक दुखद याद दिलाता है। सीएम अधिकारी ने कहा कि प्रशासन बचाव और राहत कार्यों, घायलों को मेडिकल मदद देने और आग लगने के कारणों की जांच पर ध्यान दे रहा है।
जांच के लिए SIT की टीम गठित
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया एक्स पर "होटल में लगी आग की व्यापक जांच के लिए तत्काल पांच सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। हम सच्चाई का पता लगाने और न्याय सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। दिवंगत आत्माओं के लिए प्रार्थना।" SIT आग लगने के कारणों की जांच करेगी और यह पता लगाएगी कि होटल में सुरक्षा के अनिवार्य नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
सीएम ने TMC सरकार को घेरा
एक्स पर एक पोस्ट में CM ने कहा, "कोलकाता में मिर्ज़ा ग़ालिब स्ट्रीट पर स्थित होटल में आग लगने की दुखद घटना से मैं हैरान और दुखी हूं। जहां हम बचाव और राहत कार्यों पर ध्यान दे रहे हैं और जांच कर रहे हैं कि क्या गलत हुआ, वहीं आज हम जिस सच्चाई का सामना कर रहे हैं, उसे नजरअंदाज करना नामुमकिन है।'
आगे उन्होंने कहा 'यह हादसा पिछली सरकार की लापरवाही की विरासत की एक दुखद याद दिलाता है। सालों तक, शहर और राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर को बिना किसी रोक-टोक के बढ़ने दिया गया; इमारतों को होटल और दूसरे व्यवसायों के तौर पर बनाने और चलाने की इजाज़त दी गई, जबकि आग से सुरक्षा के जरूरी नियमों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया।"
Advertisement
आगे उन्होंने कहा "पिछली सरकार ने जान-बूझकर अनदेखी की, बुनियादी नियमों के पालन की जांच नहीं करवाई और असुरक्षित हालात बने रहने दिए। हम अब उस दौर के नुकसान को ठीक करने और सुरक्षा के उन नियमों को लागू करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं जो पहले से ही लागू होने चाहिए थे। इस दुखद घटना में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायलों को बेहतरीन इलाज और मदद मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।'
हादसे में 1 मासूम समेत कुल 9 की मौत
सीएम अधिकारियों ने बताया कि बुधवार तड़के करीब 2 बजे होटल में आग लग गई, जिसमें एक बच्चे समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई जबकि 6 अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए हैं।। इमारत से करीब 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
Advertisement
सूत्रों के मुताबिक, मरने वालों में कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल थे जो इलाज के लिए कोलकाता आए थे।