अपडेटेड 16 August 2024 at 18:44 IST

कोलकाता डॉक्टर हत्या: BJP ने विपक्षी गठबंधन की ‘चुप्पी’ पर साधा निशाना, ममता का इस्तीफा मांगा

Kolkata Doctor Rape: पूनावाला ने इस मुद्दे पर चुप्पी साधने के लिए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर भी निशाना साधा।

Follow : Google News Icon  
Shahzad Poonawala
Shahzad Poonawala | Image: bjp4india

Kolkata Doctor Rape: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर नौ अगस्त को आरजी कर मेडिकल एवं अस्पताल में एक प्रशिक्षु चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या के साजिशकर्ताओं को बचाने का आरोप लगाया और उनके इस्तीफे की मांग की।

पूनावाला ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए इस मुद्दे पर चुप्पी साधने के लिए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर भी निशाना साधा।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की रुचि पीड़ित को बचाने (न्याय दिलाने) में नहीं बल्कि अपराध के दोषियों को बचाने में अधिक है क्योंकि इस मामले में आरोपी तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए हैं।

पूनावाला ने आरोप लगाया, “यह बिल्कुल साफ है कि आरोपी एक से ज्यादा थे। उन्होंने संजय रॉय नाम के एक व्यक्ति को पकड़ा है, जो पुलिस कल्याण बोर्ड में काम करता था जबकि उसके खिलाफ अपनी गर्भवती पत्नी को पीटने और उसका पीछा करने की शिकायतें थीं। ममता बनर्जी की सरकार में पुलिस की यह हालत है।”

Advertisement

पूनावाला ने कहा, “इसलिए ममता बनर्जी, आपको तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।”

उन्होंने विपक्ष पर चुनिंदा मामलों पर चुप्पी साधने और चुनिंदा मामलों में आक्रोश की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया।

Advertisement

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “आप कोई मामला उठाते हैं, आप पीड़िता के ताल्लुकात देखते हैं, आरोपी की राजनीतिक पकड़ देखते हैं, आप आरोपी के अन्य पिछले मामले देखते हैं, जिस राज्य में घटना हुई है, उसे देखते हैं और फिर आप प्रतिक्रिया देते हैं। महिलाओं के मुद्दों के प्रति उनकी यही प्रतिबद्धता है। यह एक धर्मनिरपेक्ष चुप्पी है। कोई भी ममता बनर्जी का इस्तीफा नहीं मांगेगा।”

ये भी पढ़ेंः 'उसकी छाती पर वार हुआ...चिल्लाने की आवाज किसी ने क्यों नहीं सुनी', कार्रवाई न होने पर स्मृति भड़कीं

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 16 August 2024 at 18:44 IST