‘मरना नहीं, लड़ना है’, दहेज प्रथा पर खुशबू पाटनी का दर्दभरा पोस्ट वायरल, ट्विशा शर्मा-दीपिका नागर की दर्दनाक मौत पर फूटा गुस्सा

Khushboo Patani: दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने लिखा है कि मरना नहीं है, लड़ना है। इसके साथ ही ट्विशा शर्मा और दीपिका नागर केस पर उनका गुस्सा फूटा है।

Follow : Google News Icon  
Khushboo Patani
Khushboo Patani | Image: instagram

Khushboo Patani: बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन और पूर्व भारतीय सेना अधिकारी खुशबू पाटनी ने हाल ही में कथित दहेज हत्या के मामलों पर अपनी बेबाक राय रखी है। ट्विशा शर्मा और दीपिका नागर की संदिग्ध मौतों के बाद खुशबू ने सोशल मीडिया पर कई इमोशनल पोस्ट शेयर करते हुए दहेज प्रथा, महिलाओं पर शादी का दबाव और समाज की सोच पर सवाल खड़े किए हैं। उनके पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग उनकी खुलकर तारीफ कर रहे हैं।

शादी को लेकर समाज की सोच पर उठाए सवाल

खुशबू पाटनी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “दहेज की आग में जलती हर बेटी की खबर एक सवाल छोड़ जाती है, क्या सच में शादी इतनी जरूरी थी?” उन्होंने कहा कि समाज बचपन से लड़कियों को यह सिखाता है कि एक उम्र के बाद शादी करना जरूरी है और अकेली लड़की को अच्छा नहीं माना जाता। उन्होंने आगे लिखा, “हमें हमेशा ये बताया जाता है कि लोग क्या कहेंगे, लेकिन किसी ने ये नहीं सिखाया कि अकेले रहना भी एक खूबसूरत जिंदगी हो सकती है। खुद के साथ खुश रहना भी जीने का तरीका है।”

‘एडजस्ट’ करने की सलाह पर उठाए सवाल

खुशबू ने उन माता-पिता पर भी सवाल उठाए जो अपनी बेटियों को हर हाल में ससुराल में समझौता करने की सलाह देते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार सिर्फ ससुराल वाले ही नहीं, बल्कि चुप रहने वाले माता-पिता भी ऐसी परिस्थितियों के जिम्मेदार होते हैं। उन्होंने लिखा, “कई महिलाएं शादी के बाद अपने दर्द और तकलीफ के बारे में परिवार को बताती हैं, लेकिन उन्हें वापस आने के बजाय एडजस्ट करने की सलाह दी जाती है। उन्हें कहा जाता है कि शादी के बाद ऐसी परेशानियां आम होती हैं।”

‘दहेज वाली शादी को ना कहने की हिम्मत रखो’

अपने एक अन्य पोस्ट में खुशबू पाटनी ने महिलाओं को दहेज मांगने वाले रिश्तों को ठुकराने की सलाह दी। उन्होंने लिखा, “अगर शादी दहेज के लिए हो रही है तो अकेले रहने और शादी को ना कहने की हिम्मत रखो। कानूनी लड़ाई लड़ो और अपना हक वापस लो। मरना नहीं है, लड़ना है।” इसके साथ ही उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि बेटियों की सिर्फ शादी नहीं होती, कई बार उन्हें धीरे-धीरे कुर्बान कर दिया जाता है। 

Advertisement

उन्होंने लिखा, “दहेज कम था शायद, इसलिए हर रोज अपमान हुआ था।” खुशबू ने अपनी बात खत्म करते हुए खुद का जिक्र भी किया और लिखा, “तुम्हारी बहन सिंगल रहने के लिए पैदा हुई है।”

कौन हैं खुशबू पाटनी?

खुशबू पाटनी अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन हैं और भारतीय सेना में मेजर पद पर रह चुकी हैं। सेना से रिटायरमेंट के बाद वह फिटनेस कोच और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के तौर पर काम कर रही हैं। वह अक्सर सामाजिक मुद्दों, फिटनेस और लोगों की मदद से जुड़े पोस्ट को लेकर चर्चा में रहती हैं।

Advertisement

यही भी पढ़ें: ‘लव जिहाद’ बताकर बदनाम किया’,मोनालिसा- फरमान ने हाईकोर्ट में लगाई गुहार

Published By:
 Kirti Soni
पब्लिश्ड