केरल में हाईवे पर खड़ी लॉरी में टकराई कार, 8 छात्रों की दर्दनाक मौत; गाड़ी काटकर निकालने पड़े शव
केरल के त्रिशूर में 8 इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई है। उनकी कार हाईवे पर खड़ी लॉरी में जा घुसी। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद शवों को निकालने के लिए गाड़ी काटनी पड़ी।
- भारत
- 2 min read

Kerala Road Accident: केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार हाईवे पर खड़ी लॉरी से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, त्रिशूर के कैपामंगलम में नेशनल हाइवे पर खड़ी एक माल ढोने वाली लॉरी के पिछले हिस्से से कार की टक्कर हो गई। हादसे में तमिलनाडु के आठ छात्रों की मौत हो गई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
शवों के निकालने के लिए काटनी पड़ी गाड़ी
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद शवों को निकालने के लिए गाड़ी को काटकर खोलना पड़ा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार में सवार लोग तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र थे।
11 बजकर 40 मिनट पर हुआ हादसा
केरल पुलिस के अनुसार, यह हादसा 4 सितंबर की रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर हुआ। कार उस वक्त गुरुवायुर से कोडुंगल्लूर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान कार हाईवे पर खड़ी लॉरी में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Advertisement
मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचित किया। इसके बाद मौके पर पुलिस और अन्य आपातकालीन दल पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, भीषण टक्कर के कारण कार में सवार सभी 7 लोगों की मौत हो चुकी थी। जबकि एक छात्र ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार, अभी मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।