केरल में कुदरत का कहर जारी, भारी बारिश और लैंडस्लाइड में अब तक 6 की मौत, कई लापता; IMD ने जारी की ये चेतावनी

केरल में भारी बारिश और भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में अब तक 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग लापता हैं। इस बीच मौसम विभाग की चेतावनी लोगों की टेंशन बढ़ाने वाली है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Kerala Weather
Kerala Weather | Image: ANI

केरल में लगातार हो रही भारी बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। सबसे अधिक प्रभावित जिले पथानामथिट्टा, इडुक्की और कोट्टायम हैं।  भूस्खलन की वजह से कई गांवों का मुख्य सड़क मार्ग से संपर्क टूट गया है। सरकार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। इस बीच मौसम विभाग बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।

शनिवार को हुई भारी बारिश के कारण केरल के इडुक्की जिले में कई जगहों पर जबरदस्त भूस्खलन हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, बारिश और लैंडस्लाइड की अलग-अलग घटना में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। भयावह हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने 2 अगस्त को आयोजित होने वाली स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (एसईटी) परीक्षा को स्थगित कर दिया है।

CMO ने 6 लोगों की मौत की पुष्टि की

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि राज्य में भारी बारिश के बाद छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और छह लोग लापता हैं। अलग-अलग सुरक्षा बलों, जन-प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। CMO के अनुसार, पूरे केरल में 65 राहत शिविर खोले गए हैं, जिनमें 1,465 लोगों को आश्रय दिया गया है। सत्रह घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं और 127 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।

कोझिकोड में सबसे ज्यादा बारिश

CMO ने कहा कि कुछ प्रभावित इलाकों में बारिश कम हुई है, जबकि बचाव कार्य जारी है। कोझिकोड के अनाक्कमपॉयल में 35 घंटों में 340 मिमी बारिश दर्ज की गई, और वायनाड के मेप्पाडी में 177 मिमी बारिश हुई। बचाव कार्यों को मजबूत करने के लिए जरूरत के अनुसार दूसरे जिलों से नावें मंगाई गई हैं। अलग-अलग बांधों में पानी के बहाव पर कड़ी नजर रखी जा रही है और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने हालात की ले जानकारी

केरल में भारी बारिश और बारिश से बने हालात को देखते हुए, मुख्यमंत्री वी.डी. सतीसन लगातार राजस्व मंत्री और अन्य मंत्रियों के संपर्क में हैं, जो अलग-अलग जिलों और उनके प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्यों का समन्वय कर रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने हालात का जायजा लेने और राहत व बचाव कार्यों की निगरानी के लिए सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों के विधायकों और अन्य जन-प्रतिनिधियों से भी बात की है।

IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने केरल के कई जिलों में तेज हवाओं (लगभग 60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार) और प्रति घंटे 15 मिमी से अधिक भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी (रेड वार्निंग) जारी की है। अलाप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोट्टायम और पथानामथिट्टा जिलों के लिए रेड वार्निंग जारी की गई है। वहीं, कन्नूर, कासरगोड, कोल्लम, कोझिकोड, लक्षद्वीप, मलप्पुरम, पलक्कड़, तिरुवनंतपुरम, त्रिशूर और वायनाड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 

Advertisement

यह भी पढ़ें: एंटीलिया बम कांड: सचिन वाझे और प्रदीप शर्मा समेत 10 आरोपियों पर आरोप तय
 

Published By:
 Rupam Kumari
पब्लिश्ड