केदारनाथ धाम के कपाट आज से बंद, जयकारों के साथ रवाना हुई बाबा की चल विग्रह उत्सव डोली; जानें अब कहां होंगे दर्शन

केदारनाथ धाम के कपाट आज बंद कर दिए गए हैं। इस दौरान धाम में मौजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नम आंखों से बाबा केदार को विदाई दी। साथ ही बाबा केदार के जयकारे लगाते रहे।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Doors of Kedarnath Dham closed
केदारनाथ धाम के कपाट बंद | Image: ANI

Chardham Yatra 2026: उत्तराखंड स्थित प्रसिद्ध 11वें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज यानी 11 नवंबर 2026 को सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ कपाट बंद होने की प्रक्रिया पूरी हुई। इसी के साथ इस साल की केदारनाथ यात्रा और भक्तों के दर्शन का क्रम भी संपन्न हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार तड़के 4 बजे से केदारनाथ मंदिर में समाधि पूजा की प्रक्रिया शुरू हुई थी। विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद सुबह 6 बजे गर्भगृह के कपाट बंद क दिए गए। इस दौरान धाम में मौजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नम आंखों से बाबा केदार को विदाई दी। साथ ही बाबा केदार के जयकारे लगाते रहे।

ऊखीमठ के लिए रवाना पंचमुखी डोली

अब कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना हुई है। यहां अगले छह महीनों तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना विधिवत संपन्न होगी।

केदारनाथ धाम के कपाट बंद

इस मौके पर रुद्रप्रयाग के डीएम विशाल मिश्रा ने बताया, 'श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुले थे और आज 11 नवंबर को कपाट बंद हो चुके हैं। 19 लाख 20 हजार से ज्यादा लोगों ने दर्शन किए हैं।'

Advertisement

उन्होंने आगे बताया, 'कपाट को बंद करने के जो रीति-रिवाज हैं, वो आज सुबह 4 बजे से शुरू हो गए थे। प्रशासन, बीकेटीसी (श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति), तीर्थ पुरोहित, केदार सभा की उपस्थिति में कपाट बंद हुए। यहां से डोली को प्रस्थान किया जाएगा जो अब ऊखीमठ में ओंकारेश्वर मंदिर जाएगी।'

'साढ़े 19 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन'

वहीं बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा, 'आज वो भावुक क्षण आ गया जो अनादि काल से जो परंपराएं हमारे छह मास के लिए नर और छह मास के लिए नारायण पूजा करते हैं। आज बाबा केदार के कपाट मंगलम (कपाट बंद) का कार्यक्रम है। उसकी विधि विधान से सभी पूजाएं यहां पर संपन्न हो गई हैं। इस बार नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। साढ़े 19 लाख श्रद्धालुओं ने देश दुनिया से बाबा केदार का आशीर्वाद प्राप्त किया है।'

Advertisement

BKTC अध्यक्ष की श्रद्धालुओं से अपील

उन्होंने आगे श्रद्धालुओं से अपील की कि शीतकालीन गद्दी ऊखीमठ ओंकारेश्वर मंदिर में रहने वाली है तो जो केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए नहीं पहुंच पाए वे वहां पर दर्शन कर सकते हैं।

अब कहां विराजेंगे बाबा केदार?

बता दें कि हर साल सर्दियों में भारी बर्फबारी और खराब मौसम के मद्देनजर केदारनाथ धाम के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। इसके बाद बाबा केदार की पूजा-अर्चना शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पर होती है।  

यह भी पढ़ें: ट्रेन में सफर कर रही महिला से छेड़छाड़, अश्लील इशारे का विरोध करने पर की मारपीट; आरोपी गिरफ्तार
 

Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड