अपडेटेड 9 July 2025 at 13:34 IST
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश के दौरे पर, आपदा प्रभावित परिवारों से करेंगे मुलाकात, नुकसान का लेंगे जायजा
बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा आज मंडी में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस दौरान उनके साथ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल भी मौजूद रहेंगे।
- भारत
- 3 min read

JP Nadda: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा आज (9 जुलाई) हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के कई आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेंगे। साथ ही नाचन, सराज और करसोग विधानसभा में आपदा प्रभावितों से मुलाकात करेंगे।
जानकारी के अनुसार, जेपी नड्डा मंडी जिले के भारी बारिश से प्रभावित नाचन, सराज, करसोग और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस दौरान उनके साथ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल भी मौजूद रहेंगे।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दाैरे पर नड्डा
जेपी नड्डा का दौरा मंडी के पंगलियूर से शुरू होगा जहां वह प्रभावित परिवारों से मिलेंगे। इसके बाद वह सिराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग पहुंचेंगे जहां प्राकृतिक आपदा के कारण व्यापक नुकसान हुआ है। यहां से वह करसोग और धर्मपुर में भी बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेंगे और आपदा प्रभावित लोगों से बातचीत करेंगे। इस दौरान जेपी नड्डा राहत शिविरों का भी जायजा ले सकते हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं का भी करेंगे निरीक्षण
इतना ही नहीं, भाजपा अध्यक्ष स्वास्थ्य सुविधाओं का भी निरीक्षण करेंगे ताकि प्रभावित लोगों को पर्याप्त और समुचित स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
Advertisement
'हजारों मकान क्षतिग्रस्त और 20 शव बरामद'
इससे पहले हिमाचल प्रदेश में आई बाढ़ पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा, 'मंडी जिले में 30 जून और 1 जुलाई की दरमियानी रात में जो भयावह स्थिति हुई, भगवान न करे ऐसा कभी कहीं भी हो। मंडी जिले के करसोग, नाचन, धर्मपुर में अनेक पंचायतों के समूह हैं जहां पर जान-माल की भारी हानि हुई है। सराज विधानसभा क्षेत्र शत-प्रतिशत प्रभावित हुआ है। लगभग 1000 मकान पूरी तरह और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। 48 लोग लापता हैं, जिसमें से अबतक 20 लोगों के शव बरामद हुए हैं। लोगों की जमीन और मकान सभी बह गए हैं और उनके नामोनिशान नहीं बचे हैं। भाजपा लोगों के साथ खड़ी है। उनके दुख के साथ खड़ी है।
बारिश ने मचाई भारी तबाही
बता दें कि हिमाचल प्रदेश के मंडी में बारिश ने भारी तबाही मचा रखी है। बादल फटने की घटनाओं ने बड़ी आबादी का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस आपदा से कई घर पूरी तरह से टूट गए हैं जिससे बड़ी संख्या में लोग बेघर हो गए। इस प्राकृतिक आपदा के चलते भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई है। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
Advertisement
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 9 July 2025 at 13:34 IST