अपडेटेड 9 July 2025 at 14:24 IST
Bihar Band: बिहार बंद का दिखने लगा असर, कहीं ट्रेन रोकी, तो कहीं चक्का जाम; तेजस्वी के साथ पटना की सड़कों पर उतरे राहुल गांधी
बिहार बंद का असर पूरे प्रदेश में दिखने लगा है। बंद समर्थक जगह-जगह ट्रेन रोक रहें तो कहीं सड़कों पर आगजनी हो रही है। पटना की सड़कों पर तेजस्वी के साथ राहुल गांधी भी विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने उतरे हैं।
- भारत
- 4 min read

बिहार में इस साल के अंत तक होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। बुधवार, 9 जुलाई को वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन के विरोध में महागठबंधन ने राज्यव्यापी 'बिहार बंद' का आह्वान किया। इस बंद का असर पूरे प्रदेश में दिखना शुरू हो गया है। अलग-अलग जिलों में महागठबंधन के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। कहीं ट्रेनें रोकी जा रही है तो कहीं सड़कों पर चक्का जाम किया जा रहा है। RJD नेता तेजस्वी यादव भी पटना की सड़कों पर उतरे हैं, उनके साथ नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी है।
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R) के विरोध में राज्यव्यापी 'बिहार बंद' का असर पूरे प्रदेश में दिख रहा है। महागठबंधन के कार्यकर्ताओं के द्वारा शहर के विभिन्न चौक चौराहे सहित NH पर सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। अलग-अलग जिलों में समर्थकों ने प्रदर्शन कर प्रशासन और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
तेजस्वी के साथ सड़कों पर उतरे राहुल गांधी
राजधानी पटना में महागठबंधन ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए एक विशाल मार्च का आयोजन किया गया है। इस मार्च का नेतृत्व RJD नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने किया। तेजस्वी यादव के साथ-साथ लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, CPI महासचिव डी राजा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के नेता दीपांकर भट्टाचार्य और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम राज्य विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R) के खिलाफ महागठबंधन द्वारा बुलाए गए 'बिहार बंद' विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
बिहार बंद पर राहुल गांधी ने क्या कहा?
बिहार बंद पर लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "चुनाव आयोग मैं आपको साफ बोल रहा हूं। मैं बिहार और हिन्दुस्तान की जनता को स्पष्ट कह रहा हूं कि महाराष्ट्र का चुनाव चोरी किया गया था और वैसे ही बिहार के चुनाव चोरी करने की कोशिश की जा रही है। उन्हें पता है कि हमने महाराष्ट्र मॉडल समझ लिया इसलिए वे बिहार मॉडल लाए हैं। ये गरीबों की वोट छीनने का तरीका है..."
Advertisement
बंद के समर्थन में कन्हैया कुमार का प्रदर्शन
NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने बिहार बंद पर कहा,"सड़कों पर उतरे हैं लोकतंत्र की रक्षा के लिए क्योंकि कहा जाता है कि अगर सड़कें सुनी हो जाए तो संसद आवारा हो जाती है इसीलिए सड़कों पर उतरना जरूरी है।" बंद के समर्थन में कन्हैया कुमार कार्यकर्ताओं के साथ पटना की सड़कों पर उतरे और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
चुनाव आयोग को भाजपा आयोग नहीं बनना चाहिए-मृत्युंजय तिवारी
RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने 'बिहार बंद' पर कहा, "वे गरीबों, किसानों और दलितों को उनके मताधिकार से वंचित करना चाहते हैं। चुनाव आयोग को भाजपा आयोग नहीं बनना चाहिए और निष्पक्ष चुनाव कराने चाहिए... विशेष गहन पुनरीक्षण(SIR) को वापस लेना होगा। इसके लिए सड़क से लेकर अदालत तक लड़ाई जारी रहेगी।"
Advertisement
जहानाबाद रेलवे स्टेशन पर रोकी ट्रेन
राजद की छात्र शाखा के सदस्यों ने 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और उनके सहयोगियों के संयुक्त मंच द्वारा आहूत 'भारत बंद' का समर्थन करते हुए जहानाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचकर प्रदर्शन किया। नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित मघड़ा में आरजेडी समर्थकों ने सड़कों पर टायर जलाकर रास्ता जाम कर दिया। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने एक पैसेंजर ट्रेन को रोकने की कोशिश की, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए उन्हें समझा-बुझाकर रेलवे ट्रैक से हटाया।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 9 July 2025 at 12:05 IST