Jharkhand: हजारीबाग में भीषण सड़क हादसे में 7 की मौत, 11 घायल, अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा रहे थे सभी; तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी गाड़ी को टक्कर
सवारी वाहन में सवार लोग गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहारो और सलैया गांव से बनारस जा रहे थे। तेज रफ्तार ट्रेलर ने गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
- भारत
- 4 min read

झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। पहले पांच लोगों की खबर आई। मगर इलाज के दौरान 2 और लोगों ने दम तोड़ दिया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने सवारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सवारी वाहन में सवार लोग गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहारो और सलैया गांव से बनारस जा रहे थे। वे शव का अंतिम संस्कार कराने के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में चौपारण थाना क्षेत्र में उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि सात लोगों ने अब तक दम तौड़ दिया।
ट्रेलर ने सवारी गाड़ी को मारी टक्कर
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के साथ स्थानीय लोगों ने भी घायलों को निकालने और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बड़े अस्पताल में रेफर किए जाने की संभावना जताई गई है।
5 की मौके पर मौत, 2 ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के डॉ राज किशोर ने कहा, "19 लोगों को ले जा रहा एक वाहन पलट गया। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, एक और व्यक्ति की मौत अस्पताल लाते समय हो गई, जिससे मरने वालों की संख्या 6 हो गई। एक मरीज की हालत गंभीर थी, जिसे रांची के एक बड़े मेडिकल सेंटर के लिए रेफर किया गया था; लेकिन, वाहन में शिफ्ट करते समय या उसके रवाना होते ही उस व्यक्ति की भी मौत हो गई। कुल मिलाकर, सात लोगों की मौत हुई है। "
Advertisement
"एक मरीज की हालत अभी भी गंभीर है और उसे स्थिर करने की कोशिश की जा रही है। हालत स्थिर होने के बाद, आगे के इलाज के लिए उसका सीटी स्कैन किया जाएगा। दो अन्य मरीज़ जिनकी हालत स्थिर है, उन्हें वार्ड में भर्ती कर दिया गया है। एक और मरीज अभी भी इमरजेंसी विभाग में है, लेकिन उसकी हालत स्थिर है। बाकी लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज OPD (आउटपेशेंट डिपार्टमेंट) के जरिए किया जा रहा है।"
7 की मौत से परिवार में कोहराम
हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। बिहारो और सलैया गांव में शोक का माहौल है। एक साथ सात लोगों की मौत की खबर से दोनों गांवों में मातम पसर गया है। गांववासी स्तब्ध हैं, जबकि घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।