Hemant Soren: 'हर पल लड़ा हूं, हर पल लड़ूंगा...' गिरफ्तारी के बाद ये क्या बोल गए हेमंत सोरेन?
Jharkhand Politics: हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा और फिर गिरफ्तार होने के बाद पहला रिएक्शन दिया है।
- भारत
- 2 min read

Hemant Soren News: झारखंड में कड़ाके की ठंड के बीच सियासी पारा हाई है। जमीन घोटाला मामले में ईडी ने हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया। उनकी ये गिरफ्तारी सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद हुई है। अब अरेस्ट होने के बाद हेमंत सोरेन का पहला रिएक्शन सामने आया है।
उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए शिवमंगल सिंह 'सुमन' की 'क्या हार में, क्या जीत में' कविता पोस्ट की। पोस्ट के माध्यम से सोरेन ने किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करने की बात कही।
गिरफ्तारी के बाद हेमंत सोरेन का पहला रिएक्शन
बता दें कि बुधवार को देर रात हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। इसके बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी पर पहला रिएक्शन देते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर कविता के जरिए कभी ना हार मानने की बात कही।
हेमंत सोरेन ने लिखा, ''यह एक विराम है, जीवन महासंग्राम है। हर पल लड़ा हूं, हर पल लड़ूंगा पर समझौते की भीख मैं लूंगा नहीं। क्या हार में, क्या जीत में, किंचित नहीं भयभीत मैं, लघुता न अब मेरी छुओ। तुम हो महान, बने रहो। अपने लोगों के हृदय की वेदना, मैं व्यर्थ त्यागूंगा नहीं, हार मानूंगा नहीं... जय झारखण्ड।
Advertisement
चंपई सोरेन होंगे झारखंड के नए मुख्यमंत्री
बुधवार को हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी से पहले जेएमएम विधायक दल की बैठक हुई। पहले इस बात की कयास लगाई जा रही थी गिरफ्तारी से पहले सोरेन झारखंड की कमान अपनी पत्नी कल्पना सोरेन को सौंप सकते हैं, लेकिन परिवार और बाकी नेताओं ने इसका विरोध किया। इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद चंपई सोरेन ने हेमंत सोरेन के साथ जाकर राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने कहा कि 43 विधायक हमारे साथ हैं। हालांकि, राज्यपाल ने फिलहाल शपथ के लिए कोई वक्त मुकर्रर नहीं किया है।
