अपडेटेड 7 March 2025 at 17:02 IST

रांची के आश्रम में दोहरा हत्याकांड: BJP विधायक का दावा- झारखंड में साधु भी सुरक्षित नहीं

झारखंड भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने विधानसभा में रांची के हालिया दोहरे हत्याकांड का मामला उठाया और आरोप लगाया कि झारखंड में साधु भी सुरक्षित नहीं हैं।

Follow : Google News Icon  
BJP MLA Navin Jaiswal
झारखंड भाजपा विधायक नवीन जायसवाल | Image: Jharkhand Assembly

Ranchi Murder Case: झारखंड भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने शुक्रवार को विधानसभा में रांची के हालिया दोहरे हत्याकांड का मामला उठाया और आरोप लगाया कि झारखंड में साधु भी सुरक्षित नहीं हैं। सरकार ने उन्हें आश्वासन दिया कि अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रांची के चान्हो प्रखंड स्थित आनंद मार्ग आश्रम में बुधवार रात कुछ हमलावरों ने साधु मुकेश शाह और राजेंद्र यादव नामक एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अपराध के पीछे मुख्य मकसद चोरी था।

हटिया विधायक ने कहा कि हमलावर आश्रम में घुसे और दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी। जायसवाल ने कहा, ‘‘यह महज लूट का मामला नहीं हो सकता, क्योंकि आश्रम में ज्यादा संपत्ति नहीं है। इसका मकसद कुछ और है। झारखंड में साधु भी सुरक्षित नहीं हैं, लेकिन सरकार चुप है।’’

मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने सदन में जवाब दिया

भाजपा विधायक को जवाब देते हुए संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सदन को बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोहरे हत्याकांड के सिलसिले में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। किशोर ने कहा, ‘‘दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। मैं इस मामले में रांची एसएसपी से और जानकारी लूंगा। इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

बाबूलाल मरांडी ने भी घटना की आलोचना की

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी घटना की आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘झारखंड में रांची के चान्हो स्थित आनंद मार्ग आश्रम में लूटपाट और साधु की हत्या की घटना राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की विफलता को दर्शाती है। आश्रमों और धार्मिक स्थलों को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए, लेकिन इस घटना ने यह साफ कर दिया कि कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है। अपराधी आश्रम के अंदर घुसकर न केवल लूटपाट करते हैं, बल्कि एक साधु और ग्रामीण की हत्या करके फरार हो जाते हैं।’’

Advertisement

उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड में धार्मिक स्थलों पर लगातार हमले हो रहे हैं, लेकिन सरकार इन घटनाओं को रोकने में असफल रही है। यदि जल्द ही सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो जनता का इस सरकार से भरोसा उठ जाएगा।’’

रामेश्वर उरांव ने रांची का दूसरा मुद्दा उठाया

इससे पहले, कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव ने सदन का ध्यान रांची के सिरम टोली इलाके में एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर को लेकर आदिवासियों के विरोध की ओर आकर्षित किया। यह फ्लाईओवर कथित तौर पर एक आदिवासी धार्मिक स्थल सरना स्थल के बगल में बनाया जा रहा है।

Advertisement

किशोर ने विधानसभाध्यक्ष से आंदोलनकारियों की मांग का आकलन करने के लिए सदस्यों की एक टीम गठित करने का आग्रह किया। सरना स्थल के बगल में बन रहे फ्लाईओवर के रैंप को हटाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने रांची में मानव श्रृंखला बनायी।

यह भी पढ़ें: 'ऐ सुनो, फालतू की बातें बेमतलब...', नीतीश कुमार को क्यों आया गुस्सा?

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 7 March 2025 at 17:02 IST