Jharkhand: अनिल टाइगर की हत्या का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; BJP ने किया आज रांची बंद का आह्वान
SSP रांची भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जांघ में गोली लगी है।
- भारत
- 3 min read

Anil Tiger Shot Dead in Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में बीजेपी नेता अनिल टाइगर की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एनकाउंटर के दौरान पुलिस ने आरोपी के जांघ में गोली मारी जिसके बाद वो घायल हो गए और भागने में असफल रहा। पकड़े गए अपराधी का नाम रोहित वर्मा बताया जा रहा है। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, आज अपने नेता की हत्या के विरोध में BJP ने रांची बंद का आह्वान किया है।
राजधानी रांची में बुधवार, 26 मार्च को दिनदहाड़े बीजेपी नेता अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। वारदात को कांके थाना क्षेत्र के पास कांके चौक पर अंजाम दिया था। घटना के तुरंत पुलिस आरोपी धड़पकड़ में जुट गई थी। पुलिस को इसमें सफलता भी मिली। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद शूटर को गिरफ्तार कर लिया है।
अनिल टाइगर की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
SSP रांची ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जांघ में गोली लगी है। पहचान होने के बाद पुलिस की टीमें उसका पीछा करने लगीं। पुलिस टीम को देखते ही उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गोली मारी और गिरफ्तार कर लिया। आग की जांच जारी है।
मुठभेड़ में पुलिस ने आरोपी को मारी गोली
जानकारी के अनुसार, 26 मार्च कांके चौक पर BJP के रांची ग्रामीण जिला के महामंत्री, रामनवमी समिति, कांके के अध्यक्ष और पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल महतो टाइगर को गोलियों से भून दिया। गोलियों से छलनी बीजेपी नेता को रिम्स में इलाज के लिए ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे। वहीं, इस गोलीकांड के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू की। इस कड़ी में मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
Advertisement
BJP ने किया आज रांची बंद का आह्वान
बता दें कि अनिल टाइगर राजनीतिक रूप से काफी सक्रिय थे। उन्होंने ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए सक्रिय रूप से राजनीति की थी। इधर इस हत्याकांड के बाद एक बार फिर हेमंत सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। झारखंड बीजेपी चीफ बाबूलाल मरांडी ने बीजेपी नेता अनिल टाइगर की दिन-दहाड़े हत्या को लेकर झारखंड सरकार के लॉ एंड ऑर्डर पर जमकर निशाना साधा है। वहीं, अनिल टाइगर की हत्या के विरोध में आज, 27 मार्च को भाजपा ने रांची बंद का आह्वान किया है। इस बंद को आजसू ने भी अपना समर्थन दिया है।