अपडेटेड 16 February 2024 at 17:59 IST

Jharkhand: चंपई सोरेन सरकार का कैबिनेट विस्तार, शिबू सोरेन के छोटे बेटे बसंत ने ली मंत्री पद की शपथ

Jharkhand News: झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के सबसे छोटे बेटे बसंत और 8 अन्य ने चंपई सोरेन सरकार में मंत्री पद की शपथ ली।

Follow : Google News Icon  
Jharkhand Basant Soren
बसंत सोरेन, झारखंड | Image: @basant.soren.1804-FB

Jharkhand News: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रमुख शिबू सोरेन के सबसे छोटे बेटे बसंत सोरेन ने आठ अन्य विधायकों के साथ शुक्रवार को चंपई सोरेन के नेतृत्व में बनी नयी सरकार में मंत्री पद की शपथ ली।

बसंत सोरेन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई हैं। हेमंत कथित भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन के मामले में फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

झारखंड के 12 सदस्यीय मंत्रिमंडल में जिन नए चेहरों को शामिल किया गया है, उनमें झामुमो के चाईबासा से विधायक दीपक बिरुआ और बसंत सोरेन हैं।

हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल में शामिल रहे और अब चंपई सोरेन के मंत्रिमंडल में भी शामिल किये गये नेताओं में झामुमो के मिथिलेश कुमार ठाकुर, हफीजुल हसन और बेबी देवी के अलावा कांग्रेस के रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख शामिल हैं।

Advertisement

शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के बिरसा मंडप में हुआ और इस दौरान झामुमो नीत गठबंधन के वरिष्ठ नेता और अन्य सरकारी अधिकारी मौजूद थे।

इससे पहले दो फरवरी को 67 वर्षीय चंपई सोरेन ने राज्य के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली थी।

Advertisement

झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के तुरंत बाद 31 जनवरी को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था।

राज्य की 81 सदस्यीय विधानसभा में झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन के 47 विधायक हैं। इनमें झामुमो के 29, कांग्रेस के 17 और राजद का एक विधायक है।

विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 26 और ऑल झारखंड स्टुडेंट्स यूनियन पार्टी (आजसू) के तीन विधायक हैं। इनके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के एक-एक विधायक और दो निर्दलीय विधायक हैं। एक मनोनीत सदस्य भी है।

झारखंड CM ने क्या कहा?

झारखंड सीएम चंपई सोरेन ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कहा- 'हमारा मंत्रिमंडल विस्तार हो गया है। सभी मंत्रियों को अपना दायित्व मिल जाएगा। सभी काम को आगे बढ़ाएंगे। विभागों का बंटवारा जल्द ही हम लोग करेंगे। अभी हम लोगों की बात चल रही है।'

ये भी पढ़ेंः 3 जिलों के SP, रैपिड एक्शन फोर्स तैनात...सरकार के साथ वार्ता से पहले खनौरी बॉर्डर पर सिक्योरिटी टाइट

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 16 February 2024 at 17:42 IST