जेडी वेंस के बच्चों पर चढ़ा भारत का रंग, कुर्ते में दिखे इवान-विवेक और गाउन में बेटी मीराबेल; VIDEO
अमेरिका उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का यह पहला भारत दौरा है। उनके साथ उनका परिवार भी पहुंचा है। इस दौरान वेंस के बच्चे भारतीय परिधान में दिखे।
- भारत
- 3 min read

JD Vance Kids in Indian Wear: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपने परिवार संग पहली बार भारत की धरती पर कदम रखा है। इस दौरान उनके बच्चे भारतीय रंग में रंगे नजर आए। उनके बच्चों को पारंपरिक भारतीय परिधान पहने देखा गया।
जान लें कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। वह अपनी पत्नी उषा और बच्चों संग 21 से 24 अप्रैल तक भारत दौरे पर हैं। पालम एयरपोर्ट पर लैंड होने के बाद वेंस परिवार का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जेडी वेंस का ये दौरा सिर्फ राजनीतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी अहम है। हो भी क्यों न, जेडी वेंस की पत्नी उषा आंध्र प्रदेश की जो रहने वाली हैं। भले ही उनका परिवार अमेरिका में रहता हो, लेकिन उषा का पैृतक गांव आंध्र प्रदेश में है।
भारतीय परिधान में आकर्षक लगे वेंस के बच्चे
खैर, समाचार एजेंसी एएनआई के शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे ननिहाल आने की खुशी में वेंस के बच्चे भारतीय रंग में रंगे नजर आए। जेडी वेंस और उषा के दोनों बेटे कुर्ता-पायजामा में दिखे, तो वहीं उनकी बेटी मीराबेल गाउन में नजर आईं। भारतीय परिधान में बच्चे बेहद आकर्षक लग रहे थे। इस दृष्य ने हर भारतीय का दिल खुश कर दिया।
भारतीय मूल की हैं उषा वेंस
बता दें कि जेडी वेंस की पत्नी उषा का जन्म भले ही अमेरिका में हुआ हो, लेकिन उनका परिवार भारत के आंध्र प्रदेश से ताल्लुक रखता है। इतना ही नहीं, दोनों की शादी भी हिंदू-रीति-रिवाजों से हुई थी। जी हां, जेडी वेंस की पत्नी उषा वेंस भारतीय मूल की हैं। अमेरिका के सैन डिएगो में जन्मीं उषा के पिता IIT मद्रास के एलुमनाई हैं और उनकी मां एक मॉलिक्यूलर बायोलॉजिस्ट हैं। आंध्र प्रदेश के वेस्ट गोदावरी जिले से ताल्लुक रखने वाले उनके माता-पिता अमेरिका चले गए थे 1980 में अमेरिका आकर बस गए थे। उषा का परिवार आज भी यहां रहता है।
Advertisement
हिंदू धर्म में उषा वेंस की आस्था
उषा का जन्म भले ही भारत में न हुआ हो, लेकिन वह आज भी हिंदू धर्म में आस्था रखती हैं। जेडी वेंस ईसाई धर्म को मानते हैं। वहीं, उषा ने एक इंटरव्यू में धर्म से जुड़े सवाल पर जवाब देते हुए कहा था कि उनके माता-पिता हिंदू हैं। हिंदू धर्म उनके जीवन का बेहद ही अहम हिस्सा है। इतना ही नहीं साल 2014 में जेडी वेंस और उषा वेंस ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की थी।
बेटे का नाम रखा विवेक
जेडी वेंस और उषा की मुलाकात येल यूनिवर्सिटी के लॉ स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और फिर 2014 में दोनों शादी के बंधन में बंधे। जेडी और उषा के तीन बच्चे हैं, दो बेटे और एक बेटी। उन्होंने अपने एक बेटे का नाम विवेक रखा है। वहीं दूसरे बेटे का नाम इवान और बेटी का नाम मीराबेल है।