जम्मू-कश्मीर: कुलगाम में पूर्व सैनिक के परिजनों से नेताओं ने की मुलाकात

जम्मू-कश्मीर के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने कुलगाम जिले में आतंकवादियों द्वारा सोमवार को मारे गए एक पूर्व सैन्यकर्मी के परिजनों से बुधवार को मुलाकात की।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
leaders met ex-soldier family members
कुलगाम में पूर्व सैनिक के परिजनों से नेताओं ने की मुलाकात | Image: PTI

J&K News: जम्मू-कश्मीर के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने कुलगाम जिले में आतंकवादियों द्वारा सोमवार को मारे गए एक पूर्व सैन्यकर्मी के परिजनों से बुधवार को मुलाकात की।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता के सुनील शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष सतपाल शर्मा और पूर्व विधायक रवींद्र रैना ने पूर्व सैन्यकर्मी मंजूर अहमद वागे के परिवार से मुलाकात की।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ्ती और नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के प्रवक्ता इमरान नबी डार भी शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे और उन्होंने संवेदनाएं व्यक्त कीं।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पाकिस्तान ने एक गिरोह तैयार किया है, जो निर्दोष और निहत्थे नागरिकों को निशाना बना रहा है क्योंकि वह (पाकिस्तान) जम्मू-कश्मीर में शांति और विकास से निराश है। रैना ने कहा, ‘‘यह निंदनीय है और अपराधियों को सजा दी जाएगी।’’

Advertisement

सुनील शर्मा ने कश्मीर में बड़ी संख्या में हुई मौतों के लिए नेकां को जिम्मेदार ठहराया। खासकर, तब जब उमर अब्दुल्ला ने 2010 में पहली बार मुख्यमंत्री का पदभार संभाला था। नेता प्रतिपक्ष शर्मा ने आरोप लगाया, ‘‘मेरा मानना ​​है कि 1931 से लेकर आज तक जम्मू-कश्मीर में जो कुछ भी हुआ है उसके लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस जिम्मेदार है। कश्मीर में जो खून-खराबा हुआ है, उसके लिए मूल रूप से नेकां जिम्मेदार है। मैं पार्टी को याद दिलाना चाहता हूं कि महज 10 दिनों में 110 लोगों की हत्या करने वाला उनका मुख्यमंत्री ही था।’’

शर्मा ने नेकां के प्रवक्ता इमरान नबी डार के पहले के बायन पर प्रतिक्रिया देते हुए यह टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने कहा था कि अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में स्थिति में सुधार के बारे में केंद्र के दावे गलत साबित हुए हैं।

Advertisement

शर्मा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डार ने कहा कि भाजपा नेताओं को शर्म आनी चाहिए क्योंकि वे पूर्व सैनिक की मौत पर भी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने किसी का नाम नहीं लिया या किसी पर आरोप नहीं लगाया, लेकिन क्या वे भूल गए हैं कि उपराज्यपाल किस पार्टी से हैं? यह उपराज्यपाल ही हैं जो कानून-व्यवस्था संभाल रहे हैं।’’

इल्तिजा मुफ्ती ने वागे के परिवार से मुलाकात करने के बाद कहा कि वागे परिवार ने अपना एकमात्र कमाने वाला सदस्य खो दिया है। मुफ्ती ने कहा, ‘‘परिवार को मुआवजा दिया जाना चाहिए और इस घटना की जांच का आदेश भी दिया जाना चाहिए क्योंकि परिवार के सदस्यों को आशंका है कि उन्हें निशाना बनाया जा सकता है।’’

पूर्व सैनिक की हत्या के बाद बड़ी संख्या में युवाओं को हिरासत में लिए जाने पर मुफ्ती ने कहा कि अधिकारी एक व्यक्ति के अपराध की सजा सभी को दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘क्या हम सब आतंकवादी हैं? डर का माहौल है। लोगों ने मुझे बताया कि डर के मारे रात को नींद नहीं आती। कश्मीर को खुली जेल बना दिया गया है।’’

यह भी पढ़ें: बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर दबा सबसे ज्यादा EVM बटन, जानें दिल्ली की जनता ने किन मुद्दों पर किया वोट
 

Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड