मैंने जहर दे दिया है, अब तुम संभालो...सल्फास देकर पत्नी ने की पति की हत्या, मरने तक प्रेमी के साथ बाइक में बैठाकर घुमाती रही, CCTV से खुला राज
राजस्थान के जयपुर के विश्वकर्मा इलाके में पति की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक पत्नी कविता मीणा ने अपने प्रेमी गणेश मीणा के साथ मिलकर पति महेश मीणा की हत्या की साजिश रची।
- भारत
- 3 min read

राजस्थान के जयपुर के विश्वकर्मा इलाके में पति की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक पत्नी कविता मीणा ने अपने प्रेमी गणेश मीणा के साथ मिलकर पति महेश मीणा की हत्या की साजिश रची। पाइन एप्पल जूस में सल्फास की गोलियां मिलाकर महेश को पिला दी। तबीयत बिगड़ने के बाद भी उसे करीब दो से तीन घंटे तक अस्पताल नहीं ले जाया गया। पुलिस ने पत्नी कविता और उसके प्रेमी गणेश को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक कविता 5 अगस्त को महेश को दवाई दिलाने के बहाने बाइक से बोराज लेकर गई। इसके बाद दोनों नईनाथ धाम, बस्सी पहुंचे। आरोप है कि यहीं पाइन एप्पल जूस में सल्फास की गोलियां मिलाकर महेश को पिला दी गईं। जूस पीने के बाद महेश की तबीयत बिगड़ने लगी, लेकिन आरोप है कि कविता और गणेश उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय करीब दो से तीन घंटे तक सड़क पर घुमाते रहे।
पति को तड़पता देखती रही कविता, नहीं आई तरस
सल्फास की गोलियां मिला हुआ ज्यूस पीने से महेश की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद कविता ने अपने बॉयफ्रेंड गणेश को कॉल करके सूचना दी कि उसने महेश को जहर दे दिया है। आगे की स्थित तुम संभाल लो। इसके बाद कविता के प्रेमी गणेश अपने दो दोस्तों के साथ कविता के पास पहुंचा। महेश और कविता के पास पहुंचने पर गणेश दूर खड़ा हो गया और उसके दो साथी महेश की मदद करने में जुट गए। कभी पानी पिलाया।
Advertisement
कभी खुले में लैटाया। समय व्यतीत किया लेकिन किसी ने अस्पताल ले जाने की जहमत नहीं उठाई। करीब तीन चार घंटे तक महेश तड़पता रहा लेकिन किसी ने अस्पताल नहीं पहुंचाया। बाद में जब उसकी मौत हो गई तो कविता ने अपने देवर को कॉल करके बताया कि महेश की तबीयत खराब हो गई है। कविता, उसका प्रेमी और दो अन्य युवक महेश को लेकर बस्सी से विश्वकर्मा रोड नंबर 14 तक आ गए। तब तक महेश की मौत हो चुकी थी।
सीसीटीवी फुटेज से खुली पोल
Advertisement
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज और कॉल डिटेल खंगाली। फुटेज में सामने आए रूट और आरोपियों की गतिविधियों को जोड़ते हुए पुलिस ने शक की कड़ियां जोड़ीं। जांच में कविता और गणेश के बीच पिछले छह-सात साल से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक कविता गणेश से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार ने उसकी शादी महेश से कर दी थी। पिछले 1.5 साल से वह हत्या की साजिश रच रही थी। शादी के करीब डेढ़ साल बाद महेश को रास्ते से हटाने की कथित साजिश रची गई। पुलिस ने कविता मीणा और गणेश मीणा को गिरफ्तार कर लिया है।
कई बार पति पर गंभीर आरोप लगा चुकी थी कविता
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि कविता और उसकी छोटी बहन की शादी एक ही घर में हुई है। कविता ने 7 साल पुराने प्रेमी गणेश के कहने पर कविता ने महेश को छोड़ने का कई बार प्रयास किया। महेश पर गंभीर आरोप लगाकर पीहर भी चली गई, लेकिन घरवालों ने दो बहनों का रिश्ता खराब होने का दबाव बनाकर वापस भेज दिया। अबकी गणेश के कहने पर सल्फॉस की गोलियां मंगवाई थी। कुछ गोलियां गेहूं में दबा दी और कुछ रख ली। घर में पति को खिला नहीं पाई। इसलिए नई नाथदर्शन के बहाने बाहर ले गई। गणेश भी शादीशुदा है। गणेश ने मोबाइल लोन लेकर खरीदा था, जिसकी किश्तें जमा नहीं कराने की वजह से उसे स्विच ऑफ कर रखा था। वह कविता से दोस्त अजय के नंबर पर बात करता था।