'तुझमें रब दिखता है...' इजरायली सिंगर ने जीता भारतीयों का दिल, कैप्टन स्मित मच्छार के नाम समर्पित किया यह गाना
इजरायली सिंगर इताय बेंडा का एक दिल छू लेने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे भारतीय मर्चेंट नेवी कैप्टन स्मित मच्छार के सम्मान में बॉलीवुड का मशहूर गाना 'तुझमें रब दिखता है' गाते नजर आ रहे हैं।
- भारत
- 2 min read

दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में घटी एक दिल दहला देने वाली घटना में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की सूझबूझ और अदम्य साहस की चर्चा आज पूरी दुनिया में हो रही है। अपनी जान पर खेलकर 180 यात्रियों की जिंदगी बचाने वाले इस जांबाज पायलट को हर तरफ से सलाम मिल रहा है।
कॉकपिट में खौफनाक मंजर,को-पायलट का हमला
30 सितंबर को हुई इस घटना में कॉकपिट के भीतर अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब को-पायलट ने मानसिक संतुलन खोकर कैप्टन स्मित पर हमला कर दिया और विमान को क्रैश कराने की कोशिश की। हमले के कारण विमान महज दो मिनट के भीतर लगभग 16,000 फीट नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हार नहीं मानी और हिम्मत दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू किया। विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंड कराया गया, जहां कैप्टन स्मित को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया।
इजरायली सिंगर ने गाने से दिया खास सम्मान
कैप्टन स्मित की इस बहादुरी से प्रभावित होकर इजरायली मूल के सिंगर इताय बेन डेविड ने उन्हें बेहद अनोखे अंदाज में ट्रिब्यूट दिया है। इताय ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, 'मुझे हिंदी बोलनी नहीं आती, लेकिन मैं 180 लोगों की जान बचाने वाले बहादुर कैप्टन स्मित को एक हिंदी गाना समर्पित कर रहा हूं।'
'तुझमें रब दिखता है' गाना सोशल मीडिया पर वायरल
सिंगर इताय बेन डेविड ने वर्ष 2008 की प्रसिद्ध बॉलीवुड फिल्म रब ने बना दी जोड़ी का बेहद मशहूर गाना 'तू ही तो जन्नत मेरी, तू ही मेरा जुनूं... तुझमें रब दिखता है' गाकर कैप्टन स्मित के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। यह भावुक कर देने वाला वीडियो इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। दुनियाभर के लोग न केवल कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं, बल्कि संगीत के जरिए सीमाओं को पार कर आभार जताने के इस खूबसूरत तरीके की भी तारीफ कर रहे हैं।