पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने अरब सागर से दागी मिसाइल, कराची तक गूंज; पाकिस्तान में हड़कंप
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने अरब सागर से दागी मिसाइल, कराची तक गूंज; पाकिस्तान में हड़कंप
- भारत
- 2 min read

पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान से बढ़ी तनातनी के बीच भारत ने लेजर गाइडेड मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। अरब सागर में INS सूरत से लेजर गाइडेड मिसाइल का सफल परीक्षण किया गया। ये परीक्षण बिहार की धरती से पीएम मोदी की आतंकियों को पूरे विश्व में ढूंढ-ढूंढ कर खत्म करने के ऐलान के बाद किया गया है। आपको बता दें कि पहलगाम में 26 लोगों की हत्या के बाद पूरे देश में उबाल है। लोग सरकार से पाकिस्तान और आतंकियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई की मांग कर रहे हैं।
जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक परीक्षण किए गए गाइडेड मिसाइल की रेंज 300 KM से ज्यादा है। यानी वो कराची बंदरगाह को पूरी तरह नष्ट कर सकता है। उधर भारत के इस एक्शन से पाकिस्तान घबराया हुआ है। पाकिस्तान ने अरब सागर के लिए नोटम (वायुसैनिकों/नौसैनिकों को नोटिस) जारी किया है। साथ ही सैन्य प्रतिक्रिया की आशंका के मद्देनजर अपनी सेना को पूरी तरह अलर्ट पर रखा है। पाकिस्तान में हो रहीं गतिविधियों पर भारतीय एजेंसियों की कड़ी नजर है। पाकिस्तानी सेना की तैयारियों की निगरानी की जा रही है।
पाकिस्तान की नौसेना ने शुरू किया अभ्यास
भारत में रक्षा और सुरक्षा प्रतिष्ठान के सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान की नौसेना ने अभ्यास शुरू किया है। पाकिस्तान ने अपनी वायु रक्षा को अलर्ट पर रखा है और एयरबोर्न वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम भारतीय विमानों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए नियमित रूप से उड़ान भर रहे हैं। वहीं भारत ने सार्वजनिक तौर पर कहा है कि पहलगाम हमले के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा तथा उनके प्रायोजकों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।